निकाय चुनाव में बूथ स्तर तक डिजिटल नेटवर्क मजबूत करेगी भाजपा

WhatsApp Channel Join Now
निकाय चुनाव में बूथ स्तर तक डिजिटल नेटवर्क मजबूत करेगी भाजपा


जयपुर, 25 अगस्त (हि.स.)। आगामी नगर निकाय चुनावों की तैयारियों को लेकर भाजपा जयपुर शहर के आईटी एवं सोशल मीडिया विभाग की संगठनात्मक बैठक भाजपा कार्यालय में हुई। बैठक की अध्यक्षता भाजपा जयपुर शहर जिलाध्यक्ष अमित गोयल ने की। महाराष्ट्र के राजस्व मंत्री एवं भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले और भाजपा राष्ट्रीय मंत्री रोहन गुप्ता ने कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर तक जनसंपर्क और सोशल मीडिया अभियान मजबूत करने का आह्वान किया।

बावनकुले ने कहा कि निकाय चुनाव किसी एक प्रत्याशी या नेता का नहीं, बल्कि प्रत्येक कार्यकर्ता का चुनाव है। कार्यकर्ता पूरी जिम्मेदारी और समर्पण के साथ गली-मोहल्ले और घर-घर जाकर जनता से सीधा संवाद करें तथा केंद्र और राज्य सरकार के विकास कार्यों को जनता तक पहुंचाएं।

रोहन गुप्ता ने बताया कि प्रत्येक बूथ पर चार-पांच सक्रिय कार्यकर्ताओं की प्रशिक्षित डिजिटल टीम बनाई जाएगी। मोबाइल आधारित व्यवस्था के जरिए मतदाता सूची, जनसंपर्क की स्थिति तथा वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांग मतदाताओं से संबंधित आवश्यक जानकारी उपलब्ध रहेगी। डिजिटल डैशबोर्ड से बूथ और वार्ड स्तर पर अभियान की नियमित समीक्षा की जाएगी।

अमित गोयल ने कहा कि सभी वार्डों में बैठकें कर बूथ कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण दिया जाएगा। घर-घर संपर्क की जानकारी मोबाइल एप में दर्ज होगी और बूथ स्तर के कार्यों की वास्तविक समय में समीक्षा की जाएगी। बेहतर काम करने वाले कार्यकर्ताओं की पहचान कर सम्मानित भी किया जाएगा। उन्होंने कहा, ‘‘दिल से दिल मिलाना है, व्यक्ति को व्यक्ति से जोड़ना है और प्रत्येक बूथ पर कमल खिलाना है।’’

बैठक में प्रवीण दरेकर, बोरीवली विधायक एवं भाजपा मुंबई के पूर्व महामंत्री संजय उपाध्याय, महाराष्ट्र सरकार के पूर्व मंत्री संजय भेगड़े, मुख्यमंत्री कार्यालय प्रमुख आशीष कुलकर्णी, जिला महामंत्री नवरतन नाराणिया, रेखा राठौड़, राजेश तांबी, जिला आईटी संयोजक राजेश गौतम सहित जिला, मंडल और बूथ स्तर के पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Share this story