दीपावली पर शहर काे चमकाने के लिए एक माह लगाए जाएंगे तीन हजार अतिरिक्त सफाई कर्मचारी

WhatsApp Channel Join Now
दीपावली पर शहर काे चमकाने के लिए एक माह लगाए जाएंगे तीन हजार अतिरिक्त सफाई कर्मचारी


जयपुर, 16 अक्टूबर (हि.स.)। दीपावली पर शहर काे चमकाने के लिए नगर निगम जयपुर अतिरिक्त संसाधन और कर्मचारी झाेकेंगा। इसके लिए निगम ने पूरी प्लानिंग तैयारी कर ली है।

नगर निगम महापौर सुनील कोठारी एवं उपमहापौर सरोज कंवर, आयुक्त ओम कसेरा द्वारा शुक्रवार को प्रेसवार्ता की गई। इस अवसर पर अतिरिक्त आयुक्त नरेन्द्र कुमार बंसल, उपायुक्त (स्वास्थ्य) ओम थानवी मौजूद रहे। जिसमें जयपुर नगर निगम द्वारा तैयार की गई 100 दिवसीय कार्ययोजनाओं के बारे में बताया गया , साथ ही बुकलेट का भी विमोचन किया गया। इस अवसर पर महापौर सुनील कोठारी ने बताया कि गुलाबी नगरी जयपुर केवल एक शहर नहीं बल्कि हमारी विरासत, हमारी पहचान और हमारा गौरव है। इसी गौरव को नई ऊॅचाई देने के लिए नगर निगम जयपुर ने 15 अक्टूबर 2026 से ‘‘शत दिवस संकल्प’’ का शुभारंभ किया है। इसके अंतर्गत 100 दिनों में 100 करोड़ रूपये के कार्यों से शहर के 150 वार्डों का कायाकल्प किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि इन 100 दिवसीय अभियान में 5 खंडों के अन्तर्गत 15 प्रमुख पहल शामिल है। म्हारो जयपुर प्यारो जयपुर न्यारो जयपुर के लिये नगर निगम कृतसंकल्पित है।

उपमहापौर सरोज कंवर ने कहा जयपुर शहर को स्वच्छता में सर्वश्रेष्ठ रैंकिग के लिये धरातल पर सफाई करने के लिये एकजुट होकर प्रयास करने होगे।

100 दिवसीय अभियान में 5 खंडों के अन्तर्गत 15 प्रमुख पहल शामिल हैः-

खंड 1- स्वच्छता एवं कचरा प्रबंधनः वार्ड वार स्वच्छता उत्सव, अतिरिक्त सफाई कर्मी व दोहरी शिफ्ट, लिटर पीकर मशीनें और सीवर जेटिंग मशीनें।

खंड 2- प्रकाश व्यवस्थाः 10 हजार नई एलईडी स्ट्रीट लाइटें तथा मौजूदा लाइटों का रखरखाव एवं शिकायतों का त्वरित निस्तारण।

खंड 3- सौंदर्यीकरण, जन-सहभागिता एवं त्योहारः रंग दे गुलाबी 2.0, विशेष दिवाली आयोजन और दिवाली पुरस्कार।

खंड 4- सड़क, नाली एवं सार्वजनिक परिसंपत्तियाॅः सड़क मरम्मत व पैचवर्क, नाली व मीडियन रखरखाव, और सीएनडी अपशिष्ट उठाव।

खंड 5- विषेष अभियान एवं विकास योजनाएं, ऑपरेशन क्लीन स्वीप 2.0, प्रति वार्ड विकास कार्य, अमृत 2.0, उद्यान एवं हरित क्षेत्र, और व्यापार मंडल सहयोग।

महापौर ने बताया कि प्रत्येक वार्ड में पार्षद की अनुशंषा पर 50 लाख रूपये तक के विकास कार्य करवाये जायेगे। 31 अक्टूबर 2026 को शहरव्यापी ऑपरेशन क्लीन स्वीप 2.0 आयोजित किया जायेगा। अमृत 2.0 के तहत 100 दिवसीय अभियान में कुल 465.14 करोड़ रूपये के विकास कार्य करवाये जायेगे। इस 100 दिवसीय अभियान के दौरान सभी स्वीकृत कार्य धरातल पर शुरू किये जायेगे। इसके साथ ही दिपावली के अवसर पर शहर में कचरे की मात्रा भी तेजी से बढ़ती है इससे निपटने के लिये 30 दिन के लिए 3 हजार अतिरिक्त सफाई कर्मचारी लगाये जायेगे तथा प्रमुख मशीनें दो पारियों में कार्य करेंगी प्रत्येक वार्ड में 20 अतिरिक्त सफाई कर्मचारी संविदा पर 30 दिनों के लिये लगाये जायेगे साथ ही 45 मशीनी यूनिट-जेसीबी, डंपर व ट्रैक्टर-ट्राॅली दूसरी पारी में भी चलेंगी।

शहर की प्रकाश व्यवस्था का सृदुढ़ीकरण करने के लिये 100 दिनों में 10 हजार नई एलईडी स्ट्रीट लाईट लगाई जायेगी। इसके साथ ही 24 अक्टूबर 2026 को रंग दे गुलाबी 2.0 के तहत 13 जोन के 150 वार्डों में प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर स्वच्छता पर आधारित पेंटिग की जायेगी। इसके साथ ही दिपावली पर भी शहर के प्रमुख मार्गो, चैराहों, एतिहासिक धरोहरों का विषेष सौन्दर्यकरण कर उन्हें आकर्षक, प्रकाश व्यवस्था से सुसज्जित किया जायेगा।

शहर के 150 वार्ड में तीन श्रेणियों में नागरिक प्रोत्साहन पुरस्कार भी दिये जायेगेः-

श्रेणी 01-वार्ड प्रतियोगिताः शहर के सभी 150 वार्ड इस प्रतियोगिता में भाग लेंगे। इसमें वार्डों में चलाए गए स्वच्छता अभियानों तथा नवाचार एवं विषेष पहलों को सामने लाया जाएगा। सर्वश्रेष्ठ वार्डों के लिए आकर्षक इनाम रखे गए है।

श्रेणी 02- दिपावली सजावट प्रतियोगिताः यह प्रतियोगिता तीन वर्गो में होगी 1. आवासीय वर्ग-घर 2. व्यावसायिक वर्ग-दुकान, शोरूम 3. संस्थागत वर्ग-कार्यालय, संस्थान

आवासीय वर्ग में सजावट की दो श्रेणियाॅ होंगी-परंपरागत एवं आधुनिक सजावट।

अपने घर, प्रतिष्ठान या संस्थान को दीपों और रोशनी से सजाए और इस प्रतियोगिता में भाग लें। प्रत्येक वर्ग के सर्वश्रेष्ठ प्रतिभागियों के लिए आकर्षक इनाम एवं उपहार रखे गए हैं।

श्रेणी 03- बाजार सजावट प्रतियोगिताः यह प्रतियोगिता दो क्षेत्रों में होगीः हेरिटेज जयपुर (परकोटा) एवं आधुनिक जयपुर। बाजार, व्यापार संघ अपने बाजारों को दीपावली की जगमगाहट से सजाएंगे। प्रत्येक क्षेत्र के सर्वश्रेष्ठ बाजारों के लिए आकर्षक इनाम एवं उपहार रखे गए हैं।

इसके साथ ही 100 दिवसीय कार्य योजना में क्षतिग्रस्त सड़क, पेचवर्क, जलनिकासी व मीडियन के रखरखाव से जुड़े कार्यों को भी किया जायेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

762088 Articles

Share this story