ड्यूटी के दौरान पर भावी गांव के सीआईएसएफ जवान का निधन

WhatsApp Channel Join Now
ड्यूटी के दौरान पर भावी गांव के सीआईएसएफ जवान का निधन


जोधपुर, 21 मई (हि.स.)। सीआईएसएफ के 25 साल के जवान सुनील शोऊ का मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर ड्यूटी के दौरान अचानक निधन हो गया। वे जोधपुर जिले के बिलाड़ा के भावी गांव के निवासी थे। उनका पार्थिव शरीर आज मुंबई से जोधपुर एयरपोर्ट पहुंचा, जहां उन्हें सैन्य सम्मान से श्रद्धांजलि दी गई। इसके बाद डांगियावास होते हुए उनके पैतृक गांव भावी ले जाया गया।

सुनील शोऊ के असमय निधन से परिवार और पूरे क्षेत्र में गहरा शोक है। उनके परिवार में माता-पिता और एक बहन हैं। बता दे कि कांस्टेबल सुनील शोऊ मुंबई एयरपोर्ट पर अपनी ड्यूटी पर थे, जब वे अचानक बेहोश होकर गिर पड़े। उनके सहयोगी जवानों ने तुरंत उन्हें संभाला और नानावटी अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल पहुंचने पर उनकी हालत गंभीर थी और दिल की धडक़न बंद हो चुकी थी।

डॉक्टरों ने सीपीआर, वेंटिलेटर और अन्य आपातकालीन इलाज दिए, उन्हें आईसीयू में भी शिफ्ट किया गया, लेकिन तमाम प्रयासों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका। सुनील का सीआईएसएफ में चयन 14 दिसंबर 2024 को हुआ और 15 जनवरी 2025 से उन्होंने प्रशिक्षण शुरू किया। प्रशिक्षण पूरा होने के बाद 15 नवंबर 2025 को उन्हें मुंबई एयरपोर्ट पर तैनात किया गया था।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

Share this story