नव नियुक्त एसपी धर्मेंद्र सिंह यादव ने संभाली कमान, बोले संगठित अपराधों पर रहेगी सख्त नजर

WhatsApp Channel Join Now
नव नियुक्त एसपी धर्मेंद्र सिंह यादव ने संभाली कमान, बोले संगठित अपराधों पर रहेगी सख्त नजर


चित्तौड़गढ़, 23 मई (हि.स.)। जिले के नव नियुक्त पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह यादव ने शनिवार को पद भार ग्रहण कर लिया। भीलवाड़ा से स्थानांतरित होकर आए एसपी यादव ने कार्यभार संभालते ही अपनी प्राथमिकताएं साफ कर दी। चित्तौड़गढ़ पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचने पर जिले के अन्य पुलिस अधिकारियों ने यादव का स्वागत किया।

पदभार ग्रहण के बाद बातचीत में नव नियुक्त एसपी धर्मेंदसिंह यादव ने कहा कि जिले में कानून व्यवस्था को और मजबूत करना तथा अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाना उनकी पहली प्राथमिकता है। विशेष रूप से संगठित अपराध के मामलों एवं अवैध कारोबार पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। एसपी यादव ने कहा कि पुलिस का उद्देश्य आमजन में विश्वास और अपराधियों में भय का वातावरण स्थापित करना है। आम लोगों की सुरक्षा, समस्याओं के त्वरित समाधान और अपराध नियंत्रण को लेकर पुलिस पूरी गंभीरता से कार्य करेगी। इधर, पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचने पर नव नियुक्त एसपी यादव का अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुकुल शर्मा, पुलिस उप अधीक्षक दिनेश सुखवाल, डीवाईएसपी यातायात शिव प्रकाश टेलर, यातायात प्रभारी आशुतोष चारण ने पुलिस अधीक्षक को गुलदस्ते भेंट किए। वहीं कोतवाली सीआई तुलसीराम व सदर सीआई प्रेमसिंह भी पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे और स्वागत किया।

चर्चा थी कि नहीं आएंगे, राज्यपाल के दौरे से पहले पहुंचे

चित्तौड़गढ़ के पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी के स्थानांतरण और धर्मेंद्र सिंह यादव को भीलवाड़ा से चित्तौड़गढ़ लगाने के बाद से ही चर्चाओं का दौर शुरू हो गया था। यह स्थानांतरण राजनीतिक सिफारिश पर नहीं था। ऐसे में अंदर खाने चित्तौड़ जिले के जनप्रतिनिधि इस स्थानांतरण को रोकने के प्रयास में थे। कार्य भार ग्रहण से पहले तक तो पुलिस महकमे और राजनीतिक गलियारों में चर्चा यही थी कि नए एसपी यादव कार्य भार ग्रहण नहीं करेंगे। पुलिस मुख्यालय के आदेश के पांचवे दिन नए एसपी ने कार्य भार ग्रहण किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अखिल

Share this story