सहकारिता और जनसेवा के क्षेत्र में चित्तौड़गढ़ अर्बन को-ऑपरेटिव बैंक की भूमिका सराहनीय
चित्तौड़गढ़, 23 मई (हि.स.)। पंजाब के राज्यपाल एवं केन्द्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाबचंद कटारिया तथा राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी शनिवार को चित्तौड़गढ़ प्रवास पर रहे। इंदिरा प्रियदर्शिनी ऑडिटोरियम में आयोजित चित्तौड़गढ़ अर्बन को-ऑपरेटिव बैंक लिमिटेड के रजत जयंती वर्ष समापन एवं गौरव समारोह में उन्होंने सहभागिता की। समारोह में सांसद सी.पी. जोशी, विधायकगण, बैंक के निदेशक, पूर्व निदेशक एवं सदस्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राज्यपाल गुलाबचंद कटारिया ने कहा कि सहकारी संस्थाएं समाज एवं अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान करने का प्रभावी माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि चित्तौड़गढ़ अर्बन को-ऑपरेटिव बैंक ने पिछले 25 वर्षों में जनविश्वास अर्जित कर क्षेत्र के विकास में उल्लेखनीय योगदान दिया है। उन्होंने बैंक परिवार को रजत जयंती वर्ष की शुभकामनाएं देते हुए सेवा, पारदर्शिता एवं विश्वास की भावना के साथ आगे भी कार्य करते रहने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि जनता उसी का सहयोग करती है जो ईमानदारी से कार्य करता है। सहकारिता को महत्वपूर्ण बताते हुए उन्होंने कहा कि चित्तौड़गढ़ अर्बन को-ऑपरेटिव बैंक ने सराहनीय कार्य किए हैं। साथ ही उन्होंने बैंक को भविष्य में स्वर्ण जयंती समारोह मनाने की शुभकामनाएं दीं।
समारोह में राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने कहा कि सहकारिता की भावना समाज को जोड़ने और आर्थिक आत्मनिर्भरता प्रदान करने का मजबूत आधार है। उन्होंने बैंक की प्रगति एवं आधुनिक बैंकिंग सेवाओं की सराहना करते हुए कहा कि ऐसी संस्थाएं आमजन को वित्तीय रूप से सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने कहा कि बैंक के प्रति लोगों का अटूट विश्वास बना हुआ है, जिसे कायम रखना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि सहकारिता भारत के डीएनए में समाहित है और इसे आगे बढ़ाने के लिए सभी को मिलकर कार्य करना चाहिए।
इस अवसर पर बैंक अध्यक्ष आई.एम. सेठिया ने बैंक की स्थापना से लेकर वर्तमान तक की यात्रा, उपलब्धियों एवं विभिन्न बैंकिंग सेवाओं की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की। उन्होंने बताया कि बैंक निरंतर नवाचार एवं पारदर्शी कार्यप्रणाली के माध्यम से ग्राहकों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध करा रहा है। समारोह में सहकारिता राज्य मंत्री ने अतिथियों का स्वागत करते हुए बैंक के कार्यों की सराहना की।
पंजाब के राज्यपाल गुलाबचंद कटारिया एवं विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी के चित्तौड़गढ़ पहुंचने पर जिला कलेक्टर डॉ. मंजू ने उनका स्वागत किया।
समारोह को निम्बाहेड़ा विधायक श्रीचंद कृपलानी, चित्तौड़गढ़ विधायक चंद्रभान सिंह आक्या एवं कपासन विधायक अर्जुनलाल जीनगर ने भी संबोधित किया। उन्होंने बैंक की उपलब्धियों की सराहना करते हुए इसे क्षेत्र की आर्थिक उन्नति एवं जनसेवा से जुड़ी महत्वपूर्ण संस्था बताया।
समारोह में पूर्व विधायक बद्रीलाल जाट सहित अनेक जनप्रतिनिधि, बैंक पदाधिकारी, सदस्य एवं गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अखिल

