गंगरार गलास फैक्ट्री में गिरी चिमनी, एसपी व कलेक्टर ने जायजा लिया

WhatsApp Channel Join Now
गंगरार गलास फैक्ट्री में गिरी चिमनी, एसपी व कलेक्टर ने जायजा लिया


चित्तौड़गढ़, 03 मई (हि.स.)। जिले के गंगरार क्षेत्र में स्थित एएसआई ग्लास फैक्ट्री में चिमनी गिरने की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया। जिला कलेक्टर डॉ. मंजू एवं पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी रविवार को तत्काल मौके पर पहुंच कर स्थिति का और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए। प्रशासन की तत्परता और प्रभावी समन्वय के चलते इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि या गंभीर नुकसान नहीं हुआ, जो कि राहत की बात है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, चिमनी गिरने की घटना अचानक हुई, लेकिन मौके पर मौजूद कर्मचारियों और प्रबंधन की सजगता के कारण सभी सुरक्षित रहे।

जिला कलेक्टर डॉ. मंजू ने मौके पर उपस्थित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सुरक्षा मानकों की गहन समीक्षा की जाए तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक तकनीकी उपाय सुनिश्चित किए जाएं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि औद्योगिक इकाइयों में सुरक्षा सर्वोपरि है और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही नहीं करे!

पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी ने भी स्थिति का निरीक्षण करते हुए कानून-व्यवस्था बनाए रखने एवं आवश्यक सुरक्षा व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने फैक्ट्री प्रबंधन को सुरक्षा प्रोटोकॉल का कड़ाई से पालन करने की हिदायत दी। घटनास्थल पर उपखंड अधिकारी गंगरार, उपाधीक्षक पुलिस गंगरार सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी, पुलिसकर्मी एवं फैक्ट्री प्रबंधन के अधिकारी उपस्थित रहे।

जिला कलेक्टर डॉ. मंजू एवं पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी ने आज मेजर नटवर सीनियर सेकेंडरी स्कूल में आयोजित नीट परीक्षा केंद्र का भी निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने परीक्षा केंद्र पर व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि परीक्षा शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो। उन्होंने परीक्षा केंद्र पर सुरक्षा व्यवस्था, प्रवेश प्रक्रिया, पेयजल, बैठने की व्यवस्था एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं का निरीक्षण कर अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अखिल

Share this story