मंडोर पार्क हादसे पर बाल कल्याण समिति ने लिया संज्ञान

WhatsApp Channel Join Now
मंडोर पार्क हादसे पर बाल कल्याण समिति ने लिया संज्ञान


जोधपुर, 02 जून (हि.स.)। जिले में देखरेख एवं संरक्षण की आवश्यकता वाले बच्चों के मामलों की जांच एवं निपटान के लिए गठित कार्यालय बाल कल्याण समिति, जोधपुर ने रविवार शाम मंडोर उद्यान में हुई टॉय ट्रेन से मासूम की मौत की घटना का संज्ञान लेते हुए मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। समिति की टीम जिला बाल संरक्षण इकाई के अधिकारियों के साथ घटनास्थल पहुंची और पूरे प्रकरण का अवलोकन किया।

समिति ने दर्ज प्रथम सूचना रिपोर्ट (एफआईआर) के संबंध में जांच अधिकारी से घटना की जानकारी प्राप्त की तथा निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करते हुए दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष विक्रम चेतन सरगरा ने बताया कि मौके पर संचालित टॉय ट्रेन का निरीक्षण किया गया, जिसमें सुरक्षा की दृष्टि से कई गंभीर कमियां पाई गई। समिति ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि जब तक चिन्हित कमियों को दूर नहीं किया जाता, तब तक टॉय ट्रेन का संचालन बंद रखा जाए, ताकि भविष्य में ऐसी दुखद घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

निरीक्षण के दौरान समिति सदस्य बबीता शर्मा, जय भाटी, गंगाराम देवासी, अनिल मरवण तथा जिला बाल संरक्षण इकाई से भजनलाल विश्नोई उपस्थित रहे। समिति ने बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक सुधारात्मक कदम शीघ्र उठाने के निर्देश दिए।

यह है मामला :

बंबा निवासी मोहम्मद हबीब अपने परिवार के साथ रविवार शाम को मंडोर उद्यान घूमने गया था। वहां वह टॉय ट्रेन में परिवार सहित बैठा था। इस दौरान ड्राइवर ट्रेन को बेहद तेज गति से चला रहा था और इसी दौरान उसने अचानक बेहद ब्रेक लगा दिया। ब्रेक का झटका इतना तेज था कि ट्रेन में बैठी मोहम्मद हबीब की पांच साल की मासूम बच्ची उछलकर बाहर जा गिरी। इससे पहले कि कोई कुछ समझ पाता, बच्ची टॉय ट्रेन के चक्कों के नीचे आ गई। इसके साथ ही बड़े भाई अय्यूब की बेटी मुस्कान भी घायल हो गई। उन्हें घायलावस्था में मथुरादास माथुर अस्पताल ले जाया गया, जहां बच्ची को मृत घोषित कर दिया गया। वहीं घायल युवती का फिलहाल इलाज चल रहा है। इस घोर लापरवाही को लेकर मृतका के पिता ने स्थानीय पुलिस थाने में टॉय ट्रेन ड्राइवर के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई है। परिजनों का आरोप है कि ड्राइवर की लापरवाही और तेज गति से ट्रेन चलाने के कारण ही उनकी बेटी की जान गई है और एक अन्य युवती अस्पताल पहुंच गई।

ड्राइवर ने नहीं रोकी टॉय ट्रेन

रिपोर्ट में बच्ची के पिता मोहम्मद हबीब ने बताया कि हादसे के दौरान ट्रेन में पत्नी अफसाना और भाभी शहनाज भी थी। बच्ची के गिरते ही वे दोनों भी चिल्लाने लगी और टॉय ट्रेन को रोकने के लिए कहा। परिवार के लोग चिल्लाते रहे, लेकिन इसके बाद भी टॉय ट्रेन को नहीं रोका, जिससे उनकी बच्ची की मौत हो गई। पिता का आरोप है कि टिकट लेने से पहले भी ट्रेन खराब होने को लेकर टोका था, लेकिन ये कहकर टाल दिया कि हम लोगों का दिन-रात का काम है। आप बेफिक्र होकर बैठो। इसके बाद ये हादसा हो गया।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

Share this story