बाल संरक्षण सप्ताह: राजस्थान पुलिस अकादमी परिसर में वात्सल्य वार्ता का आयोजन
जयपुर, 18 नवंबर (हि.स.)। बाल संरक्षण सप्ताह के तहत राजस्थान पुलिस तथा यूनिसेफ के संयुक्त सहयोग से संचालित की जा रही बाल संरक्षण इकाई द्वारा बुधवार को महात्मा गांधी राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, राजस्थान पुलिस अकादमी परिसर में 'वात्सल्य वार्ता' का आयोजन किया गया। इस विशेष संवाद कार्यक्रम में विद्यालय के छात्र-छात्राओं को बाल संरक्षण, साइबर सुरक्षा और उनके अधिकारों से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर जागरूक किया गया।
कार्यक्रम के दौरान राजस्थान पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने विद्यार्थियों के साथ सीधा संवाद किया और उन्हें सुरक्षा संबंधी आवश्यक जानकारियां दीं। राजस्थान पुलिस अकादमी के उपाधीक्षक पुलिस धीरज वर्मा ने बच्चों को ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर मौजूद विभिन्न खतरों से आगाह किया। उन्होंने साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 की उपयोगिता बताते हुए विद्यार्थियों को सलाह दी कि किसी भी असहज या संदिग्ध स्थिति में वे बिना किसी संकोच के पुलिस की मदद लें। इसके साथ ही उन्होंने यातायात नियमों और पुलिस की विभागीय संरचना पर भी प्रकाश डाला।
वार्ता के अगले सत्र में सहायक पुलिस आयुक्त बालाराम तथा मुकेश ने विद्यार्थियों को नागरिक सुरक्षा के लिए पुलिस की राज्य और जिला स्तरीय कार्यप्रणाली तथा विभिन्न कानूनी प्रक्रियाओं की विस्तृत जानकारी दी।
इस युवा संवाद में यूनिसेफ के प्रतिनिधियों ने भी सक्रिय रूप से भाग लेकर बच्चों की जिज्ञासाओं का समाधान किया। यूनिसेफ की राज्य स्तरीय बाल संरक्षण सलाहकार सिन्धु बिनुजीत ने छात्र-छात्राओं से संवाद करते हुए उन्हें बाल अधिकारों के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने बच्चों के विरुद्ध होने वाले विभिन्न अपराधों की पहचान करने और उनकी सुरक्षित रूप से रिपोर्टिंग करने के तरीकों की जानकारी दी।
यूनिसेफ सलाहकार आशुतोष ने बच्चों को संयुक्त राष्ट्र की संरचनाओं और यूनिसेफ के कार्यों से अवगत कराया। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित किया कि यदि वे किसी भी बच्चे को मुसीबत या संकट में देखें, तो तुरंत अपने शिक्षकों, अभिभावकों या पुलिस को इसकी सूचना दें।
कार्यक्रम के समापन पर विद्यालय की प्रधानाध्यापिका निवेदिता गोस्वामी ने सभी पुलिस अधिकारियों और यूनिसेफ विशेषज्ञों का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए इस सत्र को छात्र-छात्राओं के सर्वांगीण विकास और सुरक्षा के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण बताया। इस 'वात्सल्य वार्ता' में विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकगण और लगभग 200 छात्र-छात्राओं ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

