आठ साल के मासूम की सूझबूझ से रुका बाल विवाह, चाइल्डलाइन और पुलिस की त्वरित कार्रवाई

WhatsApp Channel Join Now
आठ साल के मासूम की सूझबूझ से रुका बाल विवाह, चाइल्डलाइन और पुलिस की त्वरित कार्रवाई


बूंदी, 19 अप्रैल (हि.स.)। राजस्थान के बूंदी जिले में एक आठ वर्षीय बच्चे की समझदारी और हिम्मत ने दो बालिकाओं का भविष्य संवार दिया। अपनी दोस्त का बाल विवाह रुकवाने के लिए मासूम ने चाइल्डलाइन 1098 पर फोन कर मदद मांगी, जिसके बाद प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई करते हुए बाल विवाह रुकवा दिया।

फोन पर बच्चे ने भावुक अपील करते हुए कहा कि भैया/दीदी, प्लीज मेरी दोस्त की शादी रुकवा दीजिए, वह अभी बहुत छोटी है, उसे पढ़ना है। इस सूचना को गंभीरता से लेते हुए चाइल्डलाइन टीम ने तुरंत कार्रवाई शुरू की। चाइल्डलाइन के जिला समन्वयक रामनारायण गुर्जर के अनुसार सूचना मिलते ही केस वर्कर अर्चना मीणा के साथ टीम दबलाना थाना क्षेत्र पहुंची। जांच में सामने आया कि कक्षा पांच में पढ़ने वाली आठ वर्षीय बालिका का विवाह कराया जा रहा था। इसके साथ ही एक 16 वर्षीय किशोरी का भी बाल विवाह आयोजित था।

टीम ने पुलिस के सहयोग से दोनों बाल विवाह रुकवा दिए।

मामले में दबलाना थाना प्रभारी प्रिया व्यास ने तुरंत हस्तक्षेप करते हुए दोनों बालिकाओं को सुरक्षित निकाला और आवश्यक कार्रवाई की। इसके बाद बालिकाओं को बालिका समिति अध्यक्ष सीमा पोद्दार के समक्ष प्रस्तुत किया गया। दोनों बालिकाओं को फिलहाल सुरक्षित अस्थायी आश्रय उपलब्ध कराया गया है। साथ ही परिजनों को बाल विवाह के दुष्परिणाम और कानून की जानकारी दी गई है। प्रशासन आगे भी इस मामले की निगरानी करेगा।

यह घटना न केवल बाल विवाह जैसी कुप्रथा के खिलाफ एक मजबूत उदाहरण है, बल्कि यह भी दिखाती है कि जागरूकता और साहस से बड़ा बदलाव संभव है। एक छोटे बच्चे की पहल ने दो जिंदगियों को समय से पहले बंधन में बंधने से बचा लिया और उन्हें शिक्षा व बेहतर भविष्य की राह पर आगे बढ़ने का अवसर दिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

Share this story