बोरवेल में गिरा 9 साल का बालक, 640 फीट पर फंसा, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
जोधपुर, 15 अक्टूबर (हि.स.)। फलोदी जिले के लोहावट पंचायत समिति क्षेत्र की ग्राम पंचायत नौसर के अंतर्गत पूनियों की ढाणी में गुरुवार को बड़ा हादसा हो गया। यहां 9 वर्षीय एक बालक भोमाराम खेत में स्थित बोरवेल में गिर गया। हादसे के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई। बालक अपने माता-पिता का इकलौता बेटा बताया जा रहा है। घटना के बाद से ही उसे सुरक्षित बाहर निकालने के लिए बचाव अभियान चलाया जा रहा है। फलोदी कलेक्टर अंकित कुमार सिंह और एसपी आदित्य काकड़े भी मौके पर पहुंच गए हैं। वहीं राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ) टीम बच्चे को रेस्क्यू करने में जुटी है।
जानकारी के अनुसार पांचाराम भील के खेत में नलकूप खराब हो गया था। इसकी मरम्मत के लिए मौके पर बोरिंग मशीन आई हुई थी। पिता मशीन के पास काम कर रहे थे और उनका नौ वर्षीय पुत्र भोमाराम भी उनके आसपास ही मौजूद था। इसी दौरान अचानक भोमाराम बोरवेल में गिर गया।
बच्चे के पिता पाचाराम ने बताया, मेरा बेटा मेरे सामने ही गिरा था। मैंने अपने बेटे को गिरते हुए देखा। मैं मोटर निकाल रहा था, इसी दौरान यह हादसा हो गया। जब मैं पीछे मुड़कर देखा तो उसके सिर और हाथ ही दिख रहे थे। जब तक मैं वहां पहुंचा तब तक वह बोरवेल की गहराई में चला गया था।
बताया जा रहा है कि बोरवेल की गहराई करीब 1050 फीट है। हादसे की सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर जुटने लगे। इसके बाद मतोड़ा पुलिस और प्रशासन की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची। बचाव दल ने बालक की स्थिति का पता लगाने के लिए कैमरे की मदद से जांच की। जांच के दौरान बालक के मूवमेंट करने की जानकारी सामने आई। बताया जा रहा है कि बच्चा करीब 640 फीट की गहराई पर फंसा हुआ है।
बोरवेल में फंसे बालक तक ऑक्सीजन पहुंचाने के लिए मशक्कत की जा रही है। प्रशासन और बचाव दल की मौजूदगी में उसे सुरक्षित बाहर निकालने के प्रयास लगातार जारी हैं। घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ जुटी हुई है और सभी बालक के सकुशल बाहर निकलने की उम्मीद कर रहे हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

