खेत में जुताई कर रहे ट्रैक्टर ने बालक को कुचला, अस्पताल में मौत
डूंगरपुर, 13 जुलाई (हि.स.)। जिले के सदर थाना क्षेत्र के छैला खेरवाड़ा गांव में एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है, जहां खेत की जुताई कर रहे एक बेकाबू ट्रैक्टर ने 12 वर्षीय बालक को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में गंभीर रूप से घायल बालक की जिला अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया है और मामला दर्ज कर तफ्तीश शुरू कर दी है।
सदर थाने के सहायक उपनिरीक्षक गजराज सिंह ने बताया कि छैला खेरवाड़ा निवासी 12 वर्षीय कपिल हडात गांव में ही एक खेत के पास खड़ा था। इसी दौरान एक ट्रैक्टर चालक तेज गति और लापरवाही से खेत की जुताई कर रहा था। अनियंत्रित हुए ट्रैक्टर ने वहां खड़े कपिल को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ा। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आस-पास मौजूद ग्रामीणों ने आनन-फानन में गंभीर रूप से घायल बालक को डूंगरपुर के जिला सामान्य अस्पताल पहुंचाया।
अस्पताल में चिकित्सकों ने गहन परीक्षण के बाद बालक कपिल को मृत घोषित कर दिया। हादसे की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस तुरंत जिला अस्पताल पहुंची और शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी में रखवाया। पुलिस ने परिजनों की मौजूदगी में शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद उसे अंतिम संस्कार के लिए परिजनों के सुपुर्द कर दिया है। पुलिस ने ट्रैक्टर चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष

