बीकानेर में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का भव्य रोड शो, भाजपा कार्यकर्ताओं में दिखा जबरदस्त उत्साह
बीकानेर, 06 सितंबर (हि.स.)। नगर निगम चुनाव के बीच मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने रविवार को बीकानेर में रोड शो कर भाजपा के पक्ष में माहौल बनाने का प्रयास किया।
मुख्यमंत्री का रोड शो निर्धारित गोकुल सर्किल के बजाय मोहता चौक स्थित पूनरासर हनुमान मंदिर से शुरू हुआ। इससे पहले मुख्यमंत्री बंद कार में गोकुल सर्किल, नत्थूसर गेट, बारह गुवाड़ और हर्षों का चौक होते हुए मोहता चौक पहुंचे। यहां उन्होंने हनुमान मंदिर में धोक लगाई और इसके बाद खुले रथ में सवार होकर रोड शो की शुरुआत की।
रोड शो के दौरान केंद्रीय कानून मंत्री एवं बीकानेर सांसद अर्जुन राम मेघवाल, बीकानेर पश्चिम विधायक जेठानंद व्यास और भाजपा शहर अध्यक्ष सुमन छाजेड़ सहित भाजपा के कई नेता मौजूद रहे।
रोड शो शुरू होते ही भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष विजय आचार्य के नेतृत्व में गोकुल जोशी, श्याम सुंदर चौधरी सहित उनकी टीम ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया। वहीं मोहता चौक में कर्मचारी नेता एवं विप्र फाउंडेशन के राष्ट्रीय सचिव भंवर पुरोहित के नेतृत्व में दर्शन आचार्य, दुर्गाशंकर आचार्य सहित टीम धरणीधर की ओर से मुख्यमंत्री का स्वागत किया गया।
रोड शो के मार्ग में जगह-जगह लोगों ने घरों की छतों और मकानों से पुष्पवर्षा कर मुख्यमंत्री का अभिनंदन किया। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिसकर्मियों की बड़ी संख्या में तैनाती रही। मुख्यमंत्री के रोड शो में भाजपा कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह नजर आया। बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और नगर निगम चुनाव के भाजपा प्रत्याशी भी रोड शो में शामिल हुए। चुनावी माहौल के बीच मुख्यमंत्री का यह रोड शो बीकानेर भाजपा के लिए शक्ति प्रदर्शन के तौर पर भी देखा जा रहा है।
इससे पहले मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नाल हवाई अड्डे पहुंचने पर भाजपा नेताओं एवं जनप्रतिनिधियों ने गर्मजोशी के साथ उनका स्वागत एवं अभिनंदन किया भाजपा नेताओं ने पुष्पगुच्छ भेंट कर तथा पार्टी का दुपट्टा पहनाकर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का अभिनंदन किया।
जिला मीडिया संयोजक मनीष सोनी ने बताया कि नाल हवाई अड्डे पर केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुनराम मेघवाल, कैबिनेट मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर, सुमित गोदारा, विश्वकर्मा कौशल बोर्ड अध्यक्ष रामगोपाल सुथार, विधायक सिद्धि कुमारी, विश्वनाथ मेघवाल, ताराचन्द सारस्वत, पूर्व विधायक बिहारीलाल विश्नोई, भाजपा देहात जिलाध्यक्ष श्याम पंचारिया, भाजपा शहर जिलाध्यक्ष सुमन छाजेड़, पूर्व अध्यक्ष सत्यप्रकाश आचार्य, गोपाल गहलोत, प्रभारी ओम सारस्वत, मीडिया संयोजक मनीष सोनी, पंकज अग्रवाल एवं संपत पारीक सहित भाजपा नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का स्वागत किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजीव

