तिलानेश गांव में मुख्यमंत्री का जनसंवाद, खेत पहुंचकर महिलाओं से जाना खेती का हाल
जयपुर, 18 जुलाई (हि.स.)। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने डेगाना उपखंड की तिलानेश ग्राम पंचायत में ग्राम विकास चौपाल और रात्रि विश्राम के बाद शनिवार सुबह गांव का भ्रमण कर ग्रामीणों से सीधे संवाद किया। इस दौरान उन्होंने खेतों में काम कर रही महिलाओं से खेती-किसानी की जानकारी ली, ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को मौके पर ही समाधान के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री के सहज और आत्मीय व्यवहार से ग्रामीणों में उत्साह का माहौल देखने को मिला।
गांव के भ्रमण के दौरान मुख्यमंत्री खेत में निनाण (निराई) कर रही महिलाओं के बीच पहुंचे और उनसे खेती तथा दैनिक जीवन से जुड़े अनुभव साझा किए। महिलाओं ने बताया कि गांव में वे सामूहिक रूप से एक-दूसरे के खेतों में काम करती हैं। एक दिन सभी महिलाएं मिलकर एक महिला के खेत में निराई करती हैं और दूसरे दिन दूसरी महिला के खेत में। इससे काम जल्दी पूरा हो जाता है और गांव में आपसी सहयोग एवं भाईचारे की भावना भी मजबूत होती है।
मुख्यमंत्री ने महिलाओं की इस सामूहिक कार्य संस्कृति की सराहना करते हुए इसे ग्रामीण एकजुटता का प्रेरणादायी उदाहरण बताया।
भ्रमण के दौरान एक महिला ने मुख्यमंत्री को बताया कि गांव का गंदा पानी उसके घर के सामने जमा हो जाता है, जिससे उसे काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। मुख्यमंत्री ने समस्या का कारण पूछा तो ग्रामीणों ने बताया कि पानी की निकासी का उचित रास्ता नहीं होने से यह स्थिति बनी हुई है। इस पर मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल समाधान के निर्देश देते हुए जल्द समस्या का निराकरण कराने का भरोसा दिलाया। महिला ने मुख्यमंत्री का आभार जताते हुए कहा कि उन्होंने उसकी बात गंभीरता से सुनी।
इसी दौरान एक बुजुर्ग ग्रामीण ने भी मुख्यमंत्री से अपनी पीड़ा साझा की।
उन्होंने बताया कि उनके बेटे और पत्नी का निधन हो चुका है तथा वे अकेले जीवनयापन कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बुजुर्ग को किसी प्रकार की असुविधा न हो और उन्हें हर संभव सरकारी सहायता उपलब्ध कराई जाए। बातचीत के दौरान बुजुर्ग ने भावुक होकर बताया कि पिछली रात उन्हें स्कूल परिसर में प्रवेश नहीं करने दिया गया था। इस पर उन्होंने वहां मौजूद लोगों से कहा था कि सुबह घर पर मिलना, मुख्यमंत्री स्वयं मिलने आएंगे। बुजुर्ग ने मुख्यमंत्री से भावुक अंदाज में कहा, हम तो आपके कबूतर हैं। इस पर मुख्यमंत्री ने मुस्कुराते हुए जवाब दिया, मैं आपके दर्शन करने आया हूं।
मुख्यमंत्री के इस आत्मीय जवाब से वहां मौजूद ग्रामीणों के चेहरे खिल उठे और पूरा माहौल भावुक एवं अपनत्व से भर गया।
उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने ग्राम विकास चौपाल के बाद तिलानेश गांव में ही रात्रि विश्राम किया। देर शाम तक उन्होंने ग्रामीणों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

