मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सेन्ट्रल पार्क में आमजन के साथ की मॉर्निंग वॉक

WhatsApp Channel Join Now
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सेन्ट्रल पार्क में आमजन के साथ की मॉर्निंग वॉक


मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सेन्ट्रल पार्क में आमजन के साथ की मॉर्निंग वॉक


जयपुर, 28 अक्टूबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने बुधवार सुबह जयपुर के सेन्ट्रल पार्क में आमजन के साथ मॉर्निंग वॉक की। इस दौरान उन्होंने प्रातः भ्रमण कर रहे लोगों से आत्मीय मुलाकात कर उनका अभिवादन स्वीकार किया और विभिन्न विषयों पर संवाद करते हुए उनकी समस्याएं सुनीं एवं सुझाव भी लिए। मुख्यमंत्री ने समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए अधिकारियों को उनके त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से जनसमस्याओं के प्रति संवेदनशीलता रखते हुए आमजन को राहत प्रदान करने और उनकी समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के लिए निर्देशित किया।

मुख्यमंत्री ने इस दौरान नागरिकों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और नियमित व्यायाम एवं शारीरिक गतिविधियों के लिए प्रेरित किया।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का ‘फिट इंडिया’ अभियान स्वस्थ समाज के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। जब हम शारीरिक रूप से स्वस्थ होंगे, तो हमारी कार्यक्षमता बढ़ेगी और हम अपने कार्यों को अधिक ऊर्जा एवं उत्साह के साथ कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि सुबह की नियमित दिनचर्या पूरे दिन को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है, इसलिए हम सभी को प्रतिदिन सुबह अपने लिए एक घंटे का समय निकाल कर व्यायाम, योग एवं मॉर्निंग वॉक के माध्यम से स्वयं को स्वस्थ और फिट रखना चाहिए।

उन्होंने कहा कि सुबह घूमने और व्यायाम करने से न केवल शरीर स्वस्थ रहता है, बल्कि मन भी प्रसन्न रहता है। नियमित व्यायाम को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने से जीवन में सकारात्मकता आती है। उन्होंने कहा कि युवाओं को विशेष रूप से छोटी उम्र से ही सुबह जल्दी उठने, घूमने और व्यायाम करने की आदत विकसित करनी चाहिए। यह आदत जीवनभर उनके स्वास्थ्य के लिए लाभकारी सिद्ध होगी।

मॉर्निंग वॉक के बाद मुख्यमंत्री ने आमजन के साथ चाय पी और विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की। इसके बाद मुख्यमंत्री ने यूपीआई के माध्यम से डिजिटल भुगतान कर डिजिटल इंडिया अभियान को प्रोत्साहित करने का भी संदेश दिया। इस दौरान मुख्यमंत्री को अपने बीच पाकर आमजन काफी उत्साहित दिखाई दिए।

इस अवसर पर जयपुर महापौर सुनील कोठारी सहित नगर निगम के पार्षद, अन्य जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में प्रातः भ्रमण करने वाले नागरिक उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संदीप

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

768316 Articles

Share this story