मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा बीकानेर दौरे के बाद जयपुर रवाना

WhatsApp Channel Join Now
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा बीकानेर दौरे के बाद जयपुर रवाना


बीकानेर, 26 मई (हि.स.)। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा आज बीकानेर दौरे के पश्चात नाल हवाई अड्डे से जयपुर के लिए रवाना हुए। मुख्यमंत्री के बीकानेर प्रवास के दौरान विभिन्न कार्यक्रमों में सहभागिता एवं संगठनात्मक गतिविधियों को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों में उत्साह का माहौल देखने को मिला। रवाना होने से पूर्व नाल हवाई अड्डे पर भाजपा नेताओं एवं जनप्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री से आत्मीय मुलाकात कर उनका अभिनंदन किया।

मुख्यमंत्री से मुलाकात करने वालों में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़, प्रदेश महामंत्री भूपेंद्र सैनी एवं मिथिलेश गौतम, भाजपा देहात जिलाध्यक्ष श्याम पंचारिया, विधायक जेठानंद व्यास, जिला महामंत्री दिलीप सिंह राजपुरोहित, ओबीसी मोर्चा प्रदेश उपाध्यक्ष महावीर चारण, प्रदेश प्रवक्ता भवानी पाईवाल, भाजपा उपाध्यक्ष भूपेंद्र शर्मा, जैना महाराज एवं सोशल मीडिया संयोजक पवन स्वामी सहित अनेक भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

इस अवसर पर जिलाध्यक्ष श्याम पंचारिया ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का बीकानेर प्रवास, सीमा क्षेत्र के कार्यक्रमों में सहभागिता एवं संगठन को दिए मार्गदर्शन के लिए आभार व्यक्त किया। नेताओं ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में राजस्थान सरकार विकास, सुशासन एवं जनकल्याण के क्षेत्र में प्रभावी कार्य कर रही है, जिससे आमजन में विश्वास मजबूत हुआ है।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने भी कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों का अभिवादन स्वीकार करते हुए संगठनात्मक गतिविधियों, सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं आगामी कार्यक्रमों को लेकर चर्चा की। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता सरकार की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं और संगठन की मजबूती के लिए निरंतर सक्रिय हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव

Share this story