तेरह नवंबर से जयपुर में गूंजेगा छठ मैया का जयकारा: गलता तीर्थ में होगा मुख्य आयोजन

WhatsApp Channel Join Now
तेरह नवंबर से जयपुर में गूंजेगा छठ मैया का जयकारा: गलता तीर्थ में होगा मुख्य आयोजन


जयपुर, 11 नवंबर (हि.स.)। पांच दिवसीय दीपोत्सव के बाद अब आस्था, सामाजिक समरसता और सूर्योपासना का महापर्व डाला छठ मनाने की तैयारियां शुरू हो गई हैं। अपने गांव और शहर से दूर जयपुर में रह रहे बिहार मूल के प्रवासी समाजबंधुओं के साथ पारंपरिक श्रद्धा और उत्साह से यह पर्व मनाएंगे। इसके लिए शहर के विभिन्न इलाकों में कृत्रिम जलाशय तैयार किए जा रहे हैं। घाटों की साफ-सफाई और पूजा की व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। छठ महापर्व का मुख्य आयोजन गलता तीर्थ में होगा।

बिहार समाज संगठन के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी सुरेश पंडित ने बताया कि जयपुर में बिहार मूल के प्रवासियों की बड़ी आबादी रहती है। हर वर्ष की तरह इस बार भी समाज के लोग शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में एकत्र होकर छठ मैया का गुणगान करेंगे और अस्ताचलगामी तथा उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित करेंगे।

सुरेश पंडित ने बताया कि जयपुर में गलता तीर्थ, शास्त्री नगर के किशन बाग, दुर्गा विस्तार कॉलोनी, दिल्ली रोड, सांगानेर, प्रताप नगर, मालवीय नगर, मुरलीपुरा, हसनपुर, विश्वकर्मा, जवाहर नगर, आदर्श नगर, 22 गोदाम, करतारपुरा और रॉयल सिटी माचवा सहित कई क्षेत्रों में छठ पूजा होगी। शास्त्री नगर स्थित स्वर्ण जयंती गार्डन के पीछे पुराने किशन बाग में भी आयोजन किया जाएगा। बिहार समाज संगठन की ओर से गलता तीर्थ में मुख्य आयोजन की तैयारियां की जा रही हैं। इसके तहत जलाशय तैयार करने, कुंडों की सफाई और घाटों पर व्यवस्थाएं जुटाई जा रही हैं।

सुरेश पंडित के अनुसार जयपुर में पांच लाख से अधिक और पूरे राजस्थान में लगभग 30 लाख बिहार मूल के लोग निवास कर रहे हैं। जयपुर में करीब 60 प्रतिशत प्रवासी अपने-अपने क्षेत्रों में समाजबंधुओं के साथ छठ महापर्व मनाएंगे। इससे शहर के विभिन्न इलाकों में पर्व की रौनक दिखाई देगी।

बिहार समाज संगठन के राष्ट्रीय महामंत्री चंदन कुमार मंडल ने बताया कि छठ महापर्व महिलाओं के अस्तित्व और सम्मान को प्रतिष्ठित करने वाला पर्व भी है। यह सामाजिक एकता, पारिवारिक सुख-समृद्धि और लोकआस्था का प्रतीक है।

छठ महापर्व की शुरुआत 13 नवंबर को नहाय-खाय के साथ होगी। 14 नवंबर को खरना किया जाएगा। 15 नवंबर को व्रती अस्ताचलगामी सूर्य को पहला अर्घ्य अर्पित करेंगे। इसके बाद 16 नवंबर को उगते सूर्य को दूसरा अर्घ्य दिया जाएगा। इसी के साथ चार दिवसीय महापर्व का समापन होगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

775405 Articles

Share this story