दिल्ली-जयपुर हाईवे पर केमिकल से भरा मिनी ट्रक पलटा, चालक केबिन में फंसा

WhatsApp Channel Join Now
दिल्ली-जयपुर हाईवे पर केमिकल से भरा मिनी ट्रक पलटा, चालक केबिन में फंसा


दिल्ली-जयपुर हाईवे पर केमिकल से भरा मिनी ट्रक पलटा, चालक केबिन में फंसा


जयपुर, 02 अगस्त (हि.स.)। दिल्ली-जयपुर नेशनल हाईवे-48 पर रविवार को जागुवास फ्लाईओवर के ऊपर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब केमिकल से भरा एक मिनी ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में ट्रक का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक केबिन में फंस गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल विभाग और प्रशासनिक अधिकारियों की टीम मौके पर पहुंची तथा तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।

जानकारी के अनुसार मिनी ट्रक उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद से केमिकल लेकर जयपुर जा रहा था। जागुवास फ्लाईओवर पर अचानक ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया, जिससे चालक वाहन के केबिन में बुरी तरह फंस गया। मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों और स्थानीय लोगों की मदद से चालक को बाहर निकालकर तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया गया।

कार्यवाहक थानाधिकारी बलराम यादव ने बताया कि हादसे में चालक के दोनों पैरों में गंभीर चोटें आई हैं और उसका उपचार जिला अस्पताल में जारी है। उन्होंने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को बाद में क्रेन की सहायता से हाईवे से हटाकर सड़क किनारे सुरक्षित खड़ा कराया गया, जिससे यातायात सुचारु रूप से संचालित हो सके। चूंकि ट्रक में केमिकल भरा हुआ था, इसलिए किसी भी प्रकार की आग या रासायनिक प्रतिक्रिया की आशंका को देखते हुए दमकल विभाग की टीम ने पूरे वाहन पर लगातार पानी का छिड़काव किया।

सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए बाद में ट्रक को आबादी क्षेत्र से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर गांव शेरपुर के पास एक खुले स्थान पर ले जाकर खड़ा किया गया। प्रशासन ट्रक मालिक से संपर्क कर यह जानकारी जुटा रहा है कि वाहन में किस प्रकार का रासायनिक पदार्थ भरा हुआ था, ताकि आवश्यक सुरक्षा उपाय किए जा सकें।

घटना की सूचना मिलते ही बहरोड़ कार्यालय के कानूनगो, पटवारी, कार्यवाहक थानाधिकारी बलराम यादव, सदर थानाधिकारी मनोहर सिंह, डीएसपी सचिन शर्मा तथा दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और हाईवे पर यातायात को व्यवस्थित ढंग से संचालित कराया।

फिलहाल पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच में जुटी हुई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

Share this story