सकट सीएचसी और स्कूल का निरीक्षण करने पहुंचीं अलवर कलक्टर, दिए सख्त निर्देश
अलवर, 19 नवंबर (हि.स.)। राजगढ़ उपखंड क्षेत्र के सकट गांव में जिला कलक्टर डॉ. आर्तिका शुक्ला ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) और पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं और शिक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
कलक्टर ने सीएचसी सकट में चिकित्सा व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। इस दौरान व्यवस्थाएं बेहतर पाई गईं। उन्होंने बीसीएमएचओ को निर्देश दिए कि अस्पताल में आने वाले मरीजों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए और उन्हें सभी जरूरी स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।
उन्होंने विशेष रूप से सीएचसी स्तर पर अधिक से अधिक गर्भवती महिलाओं की डिलीवरी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही दवाइयों और चिकित्सा उपकरणों की पर्याप्त उपलब्धता बनाए रखने तथा अस्पताल में साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने को कहा। जिला कलक्टर ने आमजन से बातचीत कर अस्पताल में मिल रही स्वास्थ्य सुविधाओं का फीडबैक भी लिया।
इसके बाद जिला कलक्टर ने पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय सकट का निरीक्षण किया। उन्होंने मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिए कि विद्यालय में 60 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों की संख्या बढ़ाने के लिए विशेष प्रयास किए जाएं।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक विद्यार्थी के शैक्षणिक स्तर को ध्यान में रखते हुए वन-ऑन-वन टेलर मेड पढ़ाई कराई जाए, ताकि बच्चों की कमजोरियों को पहचानकर उनमें सुधार किया जा सके। इसके साथ ही विद्यार्थियों को नीट परीक्षा की तैयारी कराने के लिए भी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिला कलक्टर ने विद्यार्थियों से संवाद कर उनकी पढ़ाई और शैक्षणिक स्तर की जानकारी ली।
इस दौरान एसडीएम सीमा मीना, मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी महेश गुप्ता, बीसीएमएचओ डॉ. रोहित गोयल, सीबीईओ लीलावती मीना सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार

