रेलखंडों पर काम के चलते ट्रेनों के रूट और ठहराव में बदलाव
जोधपुर, 20 अगस्त (हि.स.)। रेलवे के अलग-अलग रेलखंडों पर चल रहे विकास कार्यों के कारण ट्रेनों का संचालन प्रभावित रहेगा। फुलेरा-रींगस-रेवाड़ी रेलखंड पर दोहरीकरण कार्य के चलते दिल्ली-जैसलमेर ट्रेन के पूर्व निर्धारित परिवर्तित मार्ग में संशोधन किया गया है। वहीं अहमदाबाद स्टेशन पर रेल भूमि विकास प्राधिकरण से संबंधित कार्य के कारण जोधपुर-हडपसर-जोधपुर एक्सप्रेस का अहमदाबाद के बजाय साबरमती स्टेशन पर ठहराव रहेगा।
मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी के अनुसार ट्रेन संख्या 20495, जोधपुर-हडपसर एक्सप्रेस 21 अगस्त से 21 नवंबर तक अहमदाबाद के बजाय साबरमती स्टेशन पर सुबह 5.20 बजे पहुंचेगी और 5.30 बजे रवाना होगी। इसी तरह ट्रेन संख्या 20496, हडपसर-जोधपुर एक्सप्रेस इसी अवधि में साबरमती स्टेशन पर सुबह 7.20 बजे पहुंचेगी और 7.30 बजे रवाना होगी। दूसरी ओर ट्रेन संख्या 14087 दिल्ली-जैसलमेर रूणिचा एक्सप्रेस 21 अगस्त से 24 सितंबर तक दिल्ली से रवाना होकर पूर्व में निर्धारित परिवर्तित रेवाड़ी-अलवर-जयपुर-फुलेरा मार्ग के बजाय रेवाड़ी-महेंद्रगढ़-लोहारू-सीकर-रींगस होकर संचालित होगी।
परिवर्तित मार्ग में ट्रेन का महेंद्रगढ़, लोहारू, चिड़ावा, झुंझुनू, नवलगढ़ और सीकर स्टेशनों पर ठहराव रहेगा। रेलवे के अनुसार कुंड,पाली एवं खोरी स्टेशनों के बीच दोहरीकरण कार्य के चलते दिल्ली-जैसलमेर रेलसेवा के मार्ग में यह बदलाव किया गया है।
भगत की कोठी-चेन्नई सेंट्रल सुपरफास्ट का पाटन स्टेशन पर ठहराव
भगत की कोठी-चेन्नई सेंट्रल सुपरफास्ट ट्रेन शुक्रवार से अहमदाबाद मंडल के पाटन रेलवे स्टेशन पर दो मिनट का ठहराव करेगी। उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने बताया कि यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रेलवे द्वारा एमजीआर चेन्नई सेंट्रल-भगत की कोठी-एमजीआर चेन्नई सेंट्रल सुपरफास्ट ट्रेन का पाटन स्टेशन पर प्रायोगिक आधार पर ठहराव सुनिश्चित किया गया है।
उन्होंने बताया कि ट्रेन संख्या 20626 भगत की कोठी-एमजीआर चेन्नई सेंट्रल सुपरफास्ट 21 अगस्त से पाटन स्टेशन पर सुबह 11.35 बजे पहुंचेगी और 11.37 बजे रवाना होगी। इसी प्रकार ट्रेन संख्या 20625 एमजीआर चेन्नई सेंट्रल-भगत की कोठी सुपरफास्ट 22 अगस्त से पाटन स्टेशन पर अलसुबह 3.57 बजे पहुंचेगी और 3.59 बजे रवाना होगी।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

