निंबाहेड़ा के 58 गांवों को जल्द मिलेगा चंबल का पेयजल, 121 करोड़ की योजना को मिली गति

WhatsApp Channel Join Now
निंबाहेड़ा के 58 गांवों को जल्द मिलेगा चंबल का पेयजल, 121 करोड़ की योजना को मिली गति


चित्तौड़गढ़, 25 मार्च (हि.स.)। भारत सरकार की जल जीवन मिशन योजना के अंतर्गत निंबाहेड़ा विधानसभा क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि सामने आई है। पूर्व यूडीएच मंत्री एवं विधायक श्रीचंद कृपलानी की अनुशंसा पर निंबाहेड़ा ब्लॉक की 14 ग्राम पंचायतों के 58 गांवों में चंबल परियोजना से पेयजल आपूर्ति का कार्य शीघ्र प्रारंभ होने जा रहा है। राज्य के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा एवं जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग मंत्री कन्हैयालाल चौधरी के निर्देशन में इस महत्वाकांक्षी योजना को गति दी गई है। विभाग की और से लगभग 121.05 करोड़ रुपए की लागत से इस परियोजना को क्रियान्वित किया जाएगा। इसके लिए निविदा प्रक्रिया पूर्ण कर ली गई है तथा शीघ्र ही ठेकेदार को कार्यादेश जारी कर कार्य शुरू कर दिया जाएगा।

जलदाय विभाग के अधिकारियों के अनुसार योजना के तहत संबंधित गांवों में पानी की टंकियां निर्मित की जाएगी। साथ ही पाइप लाइन बिछा कर प्रत्येक घर तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। इससे क्षेत्र की वर्षों पुरानी पेयजल समस्या का स्थायी समाधान होगा। इसे लेकर विधायक श्रीचंद कृपलानी ने कहा कि जल जीवन मिशन के माध्यम से प्रत्येक घर तक शुद्ध पेयजल पहुंचाना हमारी प्राथमिकता है। निंबाहेड़ा क्षेत्र के ग्रामीणों को चंबल का पानी उपलब्ध करवाना एक ऐतिहासिक कदम है, जिससे आमजन को बड़ी राहत मिलेगी। यह परियोजना क्षेत्र के विकास में मील का पत्थर साबित होगी। उन्होंने आगे कहा कि राज्य सरकार ग्रामीण क्षेत्रों के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है और भविष्य में भी जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूरा किया जाएगा। विधायक कृपलानी ने बताया कि विधानसभा क्षेत्र के निम्बाहेड़ा ब्लॉक की 14 ग्राम पंचायतों के 58 गांवों को इस योजना का लाभ मिलेगा। इसके साथ ही विधानसभा क्षेत्र के निंबाहेडा ब्लॉक के 81 एवं छोटीसादड़ी ब्लॉक के 93 कुल 174 गांवों में 430.64 करोड़ की लागत से जाख़म परियोजना से पानी उपलब्ध करवाने की निविदा भी प्रक्रियाधीन है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अखिल

Share this story