काली फिल्म,हूटर और अवैध बत्ती पर पुलिस का वार: साढे आठ हजार चालकों के कटे चालान

WhatsApp Channel Join Now
काली फिल्म,हूटर और अवैध बत्ती पर पुलिस का वार: साढे आठ हजार चालकों के कटे चालान


काली फिल्म,हूटर और अवैध बत्ती पर पुलिस का वार: साढे आठ हजार चालकों के कटे चालान


जयपुर, 09 जून (हि.स.)। पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) राजीव कुमार शर्मा के निर्देशानुसार प्रदेशभर में चलाए जा रहे विशेष यातायात एवं कानून पालन अभियान का व्यापक असर देखने को मिल रहा है। अभियान के आठवें दिन राजस्थान पुलिस ने यातायात नियमों की अवहेलना करने वाले 8 हजार 448 वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई कर सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति सख्त संदेश दिया है।

डीजी ट्रैफिक अनिल पालीवाल के पर्यवेक्षण तथा अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस (यातायात) डॉ. बी.एल. मीणा के निर्देशन में चलाए जा रहे इस अभियान का उद्देश्य सड़क सुरक्षा को मजबूत करना, यातायात नियमों की पालना सुनिश्चित करना तथा आमजन में जिम्मेदार वाहन संचालन के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।

डॉ. मीणा ने बताया कि अभियान के दौरान वाहनों में किए गए अवैध संरचनात्मक बदलाव, अनधिकृत लाल-नीली बत्ती, फ्लैशर एवं स्ट्रोब लाइट, प्रेशर हॉर्न, काली फिल्म, वाहनों पर लिखे अनाधिकृत शब्द एवं चिन्ह तथा नियम विरुद्ध नंबर प्लेट लगाने वालों के खिलाफ विशेष कार्रवाई की गई। इस अभियान के दौरान सबसे अधिक कार्रवाई वाहनों के शीशे पर लगी काली फिल्म के खिलाफ की गई। प्रदेशभर में 3,264 वाहनों पर ब्लैक फिल्म पाए जाने पर चालान किए गए। वहीं वीआईपी स्टाइल और नियम विरुद्ध नंबर प्लेट लगाने वाले 2,079 वाहन चालकों पर कार्रवाई की गई।

इसके अलावा वाहनों पर पद, जाति, संगठन अथवा अन्य अनधिकृत शब्द लिखकर चलने वाले 1,204 लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई, जबकि बिना अनुमति वाहन की बॉडी अथवा चेसिस में परिवर्तन कराने वाले 861 वाहन चालकों पर भी शिकंजा कसा गया।

राजस्थान पुलिस ने सड़क पर रौब झाड़ने और ध्वनि प्रदूषण फैलाने वालों के खिलाफ भी कड़ा रुख अपनाया। अभियान के दौरान 544 वाहनों पर अनधिकृत रूप से लाल-नीली बत्ती, फ्लैशर, हूटर अथवा स्ट्रोब लाइट लगी मिली, जिन पर कार्रवाई की गई। वहीं 496 प्रेशर हॉर्न एवं एयर हॉर्न जब्त कर चालान बनाए गए। पुलिस पटाखे जैसी तेज आवाज करने वाली संशोधित बुलेट मोटरसाइकिलों के खिलाफ भी विशेष कार्रवाई कर रही है।

इस कार्रवाई के मामले में कोटा शहर 572 मामलों के साथ प्रदेश में प्रथम स्थान पर रहा। इसके बाद अजमेर में 416, बाड़मेर में 340, चित्तौड़गढ़ में 311 तथा भरतपुर में 309 मामलों में कार्रवाई दर्ज की गई।

वहीं भीलवाड़ा में 281, झुंझुनूं में 257, जयपुर ग्रामीण में 247 तथा उदयपुर में 215 कार्रवाई कर नियम उल्लंघन करने वालों के खिलाफ प्रभावी कदम उठाए गए।

जयपुर यातायात पुलिस ने 320 मामलों में कार्रवाई की, जबकि जोधपुर यातायात पुलिस ने 180 और जयपुर ग्रामीण पुलिस ने 247 मामलों में चालान एवं अन्य कानूनी कार्रवाई की।

डीजीपी राजीव कुमार शर्मा ने सभी पुलिस इकाइयों को निर्देश दिए हैं कि सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों की पालना सुनिश्चित करने के लिए ऐसे अभियान लगातार जारी रखे जाएं। उन्होंने कहा कि यातायात नियमों का पालन केवल कानूनी दायित्व नहीं बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामाजिक जिम्मेदारी भी है।

उन्होंने कहा कि राजस्थान पुलिस का उद्देश्य केवल दंडात्मक कार्रवाई करना नहीं, बल्कि आमजन में जागरूकता बढ़ाकर सुरक्षित, अनुशासित और जिम्मेदार यातायात व्यवस्था स्थापित करना है। अभियान के तहत आगे भी नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Share this story