जब चाय पर बुलाना था, तब पूर्व सीएम चर्चा से भागते रहे: शेखावत

WhatsApp Channel Join Now
जब चाय पर बुलाना था, तब पूर्व सीएम चर्चा से भागते रहे: शेखावत


-केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री का पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पर बिना नाम लिए तंज

जोधपुर, 30 मई (हि.स.)। केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पर उनका नाम लिए बगैर तंज कसा। पूर्व मुख्यमंत्री द्वारा दिए गए चाय के निमंत्रण और राजनीतिक तंज पर शेखावत ने पलटवार करते हुए कहा कि जब चाय पर बुलाने की जरूरत थी, जब वो राजस्थान के मुख्यमंत्री थे, राजस्थान को जल जीवन मिशन में सबसे ज्यादा संसाधन दिए गए थे, उस समय में चाय पर बुलाकर बात करने की, चर्चा करने का विषय था, चर्चा करने की आवश्यकता भी थी, लेकिन तब तिथियों पर तिथियां तय करने के बाद भी वो निरंतर भागते रहे। चाय पर बुलाने के बजाय कहीं और मुझे भेजने की कोशिश करते रहे, लेकिन नाकामयाब हुए। उसकी खिसियाट अभी भी शायद बाकी है।

शेखावत शनिवार को सुबह दिल्ली से अपने गृह नगर पहुंचे। एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत में जोधपुर एयरपोर्ट के नए टर्मिनल से संबंधित विकास कार्यों की शुरुआत को लेकर पूछे सवाल पर केंद्रीय मंत्री ने स्पष्ट किया कि नागरिक उड्डयन मंत्रालय इसके लिए लगातार प्रयासरत है। वर्तमान में कुछ तकनीकी और छोटे-मोटे विषय शेष हैं, जिन्हें शीघ्र ही पूरा कर लिया जाएगा। प्रधानमंत्री की उपलब्धता के आधार पर इसके उद्घाटन की तिथि निर्धारित की जा रही है, जिसके बाद इसे जनता को समर्पित कर दिया जाएगा। आरएलपी कार्यकर्ताओं और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष से जुड़े एक सवाल पर केंद्रीय मंत्री ने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है। लोकतांत्रिक व्यवस्था में इस तरह की किसी घटना की गुंजाइश है। न इस तरह के किसी कृत की स्वीकारता है। शब्दों की मर्यादा सभी को बनाकर रखनी चाहिए। जिस तरह बयानबाजी हो रही है, जिस तरह के शब्दों का प्रयोग हो रहा है, वो शब्दों का प्रयोग चाहे कोई भी करे, सबको अपने शब्दों की मर्यादा और शब्दों का सम्मान बना करके रखना चाहिए।

जम्मू-कश्मीर में पर्यटन से जुड़े सवाल पर केंद्रीय मंत्री ने कहा कि वर्तमान सरकार के प्रयासों से वहां के हालात पूरी तरह बदल चुके हैं। कश्मीर के जमीनी बदलाव को शब्दों में बयां करना वैसे ही कठिन है, जैसे नीम की पत्ती के स्वाद को समझाना। इसे महसूस करने के लिए वहां जाना होगा। उन्होंने कहा कि आज पूरा कश्मीर पर्यटकों से अटा पड़ा है। पिछले वर्ष की कुछ दुर्भाग्यपूर्ण घटनाओं के बाद जहां पहलगाम के पर्यटन को झटका लगा था, वहीं आज पहलगाम एक बार फिर देश-विदेश के सैलानियों की चहल-पहल और रौनक से गुलजार है। जोधपुर में पर्यटकों की बढ़ती संख्या पर संतोष व्यक्त करते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि पिछले कुछ समय में हवाई जहाजों के फेरे बढ़े हैं, नया रेल नेटवर्क स्थापित हुआ है और सडक़ों का कायाकल्प हुआ है। इस बेहतरीन इन्फ्रास्ट्रक्चर ग्रोथ और देश की मजबूत होती अर्थव्यवस्था के कारण ही आज पर्यटन क्षेत्र तेजी से गति पकड़ रहा है, जिसका सीधा लाभ स्थानीय विकास और अर्थव्यवस्था को मिल रहा है।

ब्लू सिटी की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण को लेकर उन्होंने कहा कि यह केवल सरकार का काम नहीं है, बल्कि इससे कहीं अधिक समाज और आम नागरिकों की चिंता का विषय होना चाहिए। हम सभी जोधपुर वासियों को मिलकर अपनी अनमोल धरोहर की शुचिता और संस्कृति को अक्षुण्ण रखने के लिए आगे आना होगा। इसके लिए जनप्रतिनिधियों को आमजन के बीच जागरुकता बढ़ानी होगी।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

Share this story