बंगाल व असम में भाजपा की प्रचंड जीत पर मनाया जश्न : कार्यकर्ताओं ने जताई खुशी, बांटी मिठाई
बीकानेर, 04 मई (हि.स.)। पश्चिम बंगाल एवं असम विधानसभा चुनावों में भारतीय जनता पार्टी की ऐतिहासिक एवं प्रचंड जीत पर भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह की लहर दौड़ गई। इस अवसर पर भाजपा देहात जिलाध्यक्ष श्याम पंचारिया की अगुवाई में श्रीडूंगरगढ़ में भाजपा कार्यकर्ताओं ने जोरदार जश्न मनाया, मिठाई बांटी तथा एक-दूसरे को जीत की बधाई दी।
कार्यकर्ताओं ने भाजपा के पक्ष में आए जनादेश को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व, केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों एवं राष्ट्रहित के प्रति जनता के विश्वास की जीत बताया। इस दौरान उपस्थित कार्यकर्ताओं ने कहा कि देशभर में भाजपा की नीतियों के प्रति आमजन का भरोसा लगातार मजबूत हो रहा है और यही कारण है कि जनता भाजपा को लगातार समर्थन दे रही है।
भाजपा देहात जिलाध्यक्ष श्याम पंचारिया ने कहा कि बंगाल एवं असम में मिली यह जीत कार्यकर्ताओं की मेहनत, संगठन की मजबूती एवं राष्ट्रवादी विचारधारा की विजय है। उन्होंने कहा कि भाजपा का विस्तार अब गांव-गांव और जन-जन तक पहुंच चुका है तथा जनता विकास, सुशासन और सुरक्षा के नाम पर भाजपा के साथ खड़ी है।
जिला मीडिया संयोजक मनीष सोनी ने बताया जश्न कार्यक्रम में जिला महामंत्री दिलीप सिंह राजपुरोहित, ओबीसी मोर्चा प्रदेश उपाध्यक्ष महावीर सिंह चारण, मोमासर मंडल अध्यक्ष नरेश मोट, श्रीडूंगरगढ़ मंडल अध्यक्ष राधेश्याम दर्जी, गंगाधर शर्मा, पूर्व मंडल अध्यक्ष भीयांनाथ सिद्ध, भगवती लखारा, शंकर लखारा, गजेंद्र सिंह, उपसरपंच सुरेश सिंह राजपुरोहित, दिनेश स्वामी, सुभाष नायक, सुशील शर्मा, ओमप्रकाश शर्मा, सरपंच सुरजनसर, मदन सोनी सहित अनेक भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने भारत माता के जयकारे लगाए और पार्टी की जीत को जनआशीर्वाद का परिणाम बताया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजीव

