उदयपुर में छठ महापर्व का उल्लास: खरना के साथ 36 घंटे का निर्जला व्रत शुरू

WhatsApp Channel Join Now
उदयपुर में छठ महापर्व का उल्लास: खरना के साथ 36 घंटे का निर्जला व्रत शुरू


उदयपुर, 14 नवंबर (हि.स.)। प्रकृति, अनुशासन और अटूट आस्था के चार दिवसीय महापर्व छठ पूजा को लेकर झीलों की नगरी में भक्तिमय माहौल बना हुआ है। शुक्रवार को 'नहाय-खाय' के साथ शुरू हुए इस महापर्व के दूसरे दिन शनिवार को श्रद्धालुओं ने 'खरना' मनाया।

खरना के साथ ही व्रतियों का 36 घंटे का कठिन निर्जला और निराहार उपवास शुरू हो गया। पर्व के मुख्य दिन रविवार शाम को व्रतधारी झीलों के घाटों पर पहुंचकर अस्ताचलगामी (डूबते) सूर्य को अर्घ्य देंगे, जबकि सोमवार सुबह उदीयमान (उगते) सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के साथ महापर्व का समापन होगा।

छठ महापर्व को लेकर उदयपुर शहर में निवास कर रहे बिहार और पूर्वांचल के प्रवासियों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। फतहसागर के देवाली छोर, गोवर्धन सागर पाल, रानी रोड, स्वरूपसागर और दूधतलाई सहित विभिन्न घाटों पर साफ-सफाई और सजावट की गई है। छठ पूजा संयुक्त समिति के अध्यक्ष अशेश्वर साहनी के नेतृत्व में घाटों पर व्रतियों की सुविधा के लिए विशेष व्यवस्थाएं जुटाई गई हैं।

प्रवासी मुरारी सिंह और ठाकुर सिंह ने बताया कि अपनी माटी और लोक परंपराओं से जुड़े रहने के लिए लेकसिटी में भी पूरी श्रद्धा के साथ यह पर्व मनाया जाता है। बांस के सूप, ठेकुआ, मौसमी फल और गन्ने के साथ घाटों पर उमड़ने वाली यह आस्था सामाजिक समरसता और प्रकृति प्रेम का अनूठा संदेश दे रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनीता

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

777159 Articles

Share this story