एआई आधारित जलवायु निर्णयों पर सीईईडब्ल्यू की मीडिया कार्यशाला बुधवार को

WhatsApp Channel Join Now
एआई आधारित जलवायु निर्णयों पर सीईईडब्ल्यू की मीडिया कार्यशाला बुधवार को


जयपुर, 04 अगस्त (हि.स.)। ऊर्जा,पर्यावरण एवं जल परिषद (सीईओ डब्ल्यू) की ओर से पांच अगस्त, बुधधार को कॉन्फ्रेंस हॉल कॉन्स्टिट्यूशन क्लब ऑफ राजस्थान लालकोठी जयपुर में 'कृत्रिम बुद्धिमत्ता आधारित जलवायु निर्णय एवं कार्यों के माध्यम से जलवायु सहनशीलता को सशक्त बनाना' विषय पर मीडिया कार्यशाला आयोजित की जा रही है। इस कार्यशाला में जलवायु परिवर्तन, अनियमित मानसून, बाढ़ और सूखे जैसी चुनौतियों से निपटने में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) आधारित तकनीकों और समाधानों पर चर्चा होगी।

परिषद के अनुसार इस वर्ष देश में मानसून के दौरान कहीं बाढ़ तो कहीं वर्षा की कमी जैसी स्थिति देखने को मिली है। जलवायु परिवर्तन और एल-नीनो के प्रभाव से वर्षा का स्वरूप लगातार अनिश्चित होता जा रहा है, जिससे सटीक पूर्वानुमान, अग्रिम योजना और प्रभावी जलवायु अनुकूलन रणनीतियों की आवश्यकता बढ़ गई है।

इस कार्यशाला में परिषद के कार्यक्रम प्रमुख श्रवण प्रभु और फेलो (वरिष्ठ शोध विशेषज्ञ) डॉ. विश्वास चितले एल-नीनो के मानसून पर प्रभाव और जलवायु परिवर्तन से जुड़ी चुनौतियों पर विशेषज्ञ प्रस्तुति देंगे।

वहीं वरिष्ठ कार्यक्रम प्रमुख डॉ. पुष्प बजाज परिषद के 'क्रेविस' (जलवायु जोखिम आकलन एवं दृश्य सूचना प्रणाली) नामक कृत्रिम बुद्धिमत्ता आधारित मंच का प्रदर्शन करेंगे। यह मंच जलवायु संबंधी आंकड़ों के विश्लेषण, जोखिम मूल्यांकन और भविष्य के जलवायु पूर्वानुमान में उपयोगी है। इसमें मीडिया प्रतिनिधियों को जलवायु परिवर्तन से जुड़े मुद्दों पर कृत्रिम बुद्धिमत्ता आधारित निर्णय प्रणाली, जोखिम आकलन और नई तकनीकों की जानकारी दी जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Share this story