सीबीएसई ने शुरू किए प्राइवेट विद्यार्थियों के ऑनलाइन आवेदन, 30 तक कर सकेंगे अप्लाई

WhatsApp Channel Join Now
सीबीएसई ने शुरू किए प्राइवेट विद्यार्थियों के ऑनलाइन आवेदन, 30 तक कर सकेंगे अप्लाई


जयपुर, 29 सितंबर (हि.स.)। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने वर्ष 2026 में होने वाली 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं के लिए प्राइवेट विद्यार्थियों के ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया शुरू कर दी है। यह आवेदन 30 सितंबर 2025 तक सामान्य शुल्क के साथ किए जा सकते हैं, जबकि तीन से 11 अक्टूबर तक विद्यार्थी लेट फीस देकर आवेदन कर सकेंगे।

सीबीएसई हर साल रेगुलर विद्यार्थियों के साथ-साथ प्राइवेट विद्यार्थियों की भी परीक्षाएं आयोजित करता है। बोर्ड से संबद्ध स्कूलों के रेगुलर विद्यार्थियों की तरह ही प्राइवेट उम्मीदवार भी उन्हीं परीक्षाओं में सम्मिलित होते हैं। आवेदन की प्रक्रिया नौ सितंबर से शुरू हो चुकी है। इच्छुक विद्यार्थी सीबीएसई की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर इंडिविजुअल कैंडिडेट्स लिंक के माध्यम से फॉर्म भर सकते हैं। परीक्षा शुल्क और विस्तृत जानकारी भी वेबसाइट पर उपलब्ध है।

इस बार चार श्रेणियों के विद्यार्थी आवेदन कर सकेंगे। इनमें वो विद्यार्थी जो परीक्षा में फेल हो गए हैं, कम्पार्टमेंट वाले विद्यार्थी, श्रेणी सुधार करना चाहने वाले विद्यार्थी और वे विद्यार्थी जो पहले पास हो चुके हैं शामिल है, लेकिन अपने अंक सुधारना चाहते हैं।

सीबीएसई अधिकारियों ने बताया कि समय पर आवेदन करना बेहद जरूरी है ताकि लेट फीस से बचा जा सके। यह प्रक्रिया विद्यार्थियों को अपना शैक्षणिक भविष्य सँवारने का अवसर देती है और उन्हें दोबारा अपनी मेहनत साबित करने का मौका भी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

Share this story