सीबीएसई 12वीं में अजमेर रीजन का परिणाम 86.78 प्रतिशत, छात्राओं ने फिर मारी बाजी

WhatsApp Channel Join Now
सीबीएसई 12वीं में अजमेर रीजन का परिणाम 86.78 प्रतिशत, छात्राओं ने फिर मारी बाजी


अजमेर, 13 मई (हि.स.)। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने मंगलवार को 12वीं बोर्ड परीक्षा का परिणाम घोषित कर दिया। इस वर्ष अजमेर रीजन का कुल परीक्षा परिणाम 86.78 प्रतिशत दर्ज किया गया है। हालांकि यह परिणाम पिछले वर्ष की तुलना में कम रहा है। पिछले साल अजमेर रीजन का रिजल्ट 90.40 प्रतिशत रहा था।

सीबीएसई के अजमेर रीजन में इस बार राजस्थान से 88 हजार 118 विद्यार्थियों ने 12वीं बोर्ड परीक्षा में भाग लिया। इनमें 50 हजार 354 छात्र और 37 हजार 564 छात्राएं शामिल थीं। परीक्षा परिणाम में 42 हजार 427 छात्र और 34 हजार 42 छात्राएं सफल घोषित हुई हैं। परिणामों में एक बार फिर छात्राओं का प्रदर्शन छात्रों से बेहतर रहा। छात्राओं का उत्तीर्ण प्रतिशत 90.14 रहा, जबकि छात्रों का परिणाम 84.26 प्रतिशत दर्ज किया गया।

सीबीएसई के आंकड़ों के अनुसार अजमेर रीजन से अलग हुआ गुजरात इस बार सातवें स्थान पर रहा। उल्लेखनीय है कि इससे पहले घोषित 10वीं बोर्ड परीक्षा परिणाम में भी राजस्थान, गुजरात से पीछे रहा था। इस वर्ष परीक्षा परिणाम से जुड़ा एक बड़ा बदलाव भी देखने को मिला। यह पहला अवसर रहा जब सीबीएसई ने 12वीं का परिणाम 10वीं बोर्ड परिणाम के बाद जारी किया। इससे पहले परंपरागत रूप से 12वीं का परिणाम पहले घोषित किया जाता था। बोर्ड ने इस वर्ष 15 अप्रैल को 10वीं बोर्ड परीक्षा का परिणाम जारी किया था, जबकि 12वीं का परिणाम अब घोषित किया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष

Share this story