काजरी में जल विज्ञान मॉडलिंग पर पांच दिवसीय प्रशिक्षण शुरू

WhatsApp Channel Join Now
काजरी में जल विज्ञान मॉडलिंग पर पांच दिवसीय प्रशिक्षण शुरू


जोधपुर, 23 नवम्बर (हि.स.)। राष्ट्रीय जलविज्ञान संस्थान (एनआईएच) उत्तर-पश्चिमी क्षेत्रीय केंद्र एवं केंद्रीय शुष्क क्षेत्र अनुसंधान संस्थान (काजरी) के संयुक्त तत्वावधान में जलविज्ञान मॉडलिंग एवं जलवायु परिवर्तन के प्रभावों का आकलन विषय पर पांच दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ काजरी में हुआ।

इस प्रशिक्षण में राजस्थान सहित विभिन्न राज्यों के 25 प्रतिभागी भाग ले रहे हैं। इनमें जलग्रहण विकास, भूजल एवं जल संसाधन विभागों के अधिकारी, वैज्ञानिक, प्राध्यापक, शोधार्थी तथा संबंधित क्षेत्रों के विशेषज्ञ शामिल हैं। प्रशिक्षण में मृदा एवं जल मूल्यांकन तकनीकों पर सैद्धांतिक व्याख्यानों के साथ व्यावहारिक प्रशिक्षण भी प्रदान किया जा रहा है।

उद्घाटन सत्र के मुख्य अतिथि काजरी निदेशक डॉ. एच. एस. जाट ने शुष्क एवं अर्धशुष्क क्षेत्रों में जलवायु परिवर्तन के कारण जल उपलब्धता एवं कृषि क्षेत्र के समक्ष उत्पन्न चुनौतियों पर प्रकाश डालते हुए वर्षा के समय, वितरण एवं तीव्रता में होने वाले परिवर्तनों के सतही अपवाह, मृदा नमी तथा फसलों की जल उपलब्धता पर पडऩे वाले प्रभावों को समझने की आवश्यकता पर बल दिया।

उन्होंने जलविज्ञान मॉडलिंग को जलग्रहण क्षेत्र प्रबंधन, मृदा एवं जल संरक्षण, जल संसाधनों के वैज्ञानिक नियोजन तथा जलवायु-अनुकूल कृषि पद्धतियों के चयन में एक महत्वपूर्ण उपकरण बताते हुए प्राकृतिक संसाधनों के बेहतर प्रबंधन एवं सतत विकास के लिए आधुनिक वैज्ञानिक तकनीकों के प्रभावी उपयोग पर जोर दिया। प्रशिक्षण समन्वयक एवं एनआईएच, उत्तर-पश्चिमी क्षेत्रीय केंद्र, जोधपुर के प्रभारी डॉ. सौरभ नेमा ने पांच दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम की विस्तृत रूपरेखा प्रस्तुत की।

उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को रिमोट सेंसिंग एवं जीआईएस आधारित विषयगत मानचित्र तैयार करने, मॉडल विकसित करने, संवेदनशीलता विश्लेषण तथा मॉडल सत्यापन की व्यावहारिक जानकारी दी जाएगी। इसके अतिरिक्त, भविष्य के जलवायु परिदृश्यों के अंतर्गत नदी प्रवाह एवं जल उपलब्धता में संभावित परिवर्तनों का आकलन करने का प्रशिक्षण भी दिया जाएगा, जो जल संसाधन प्रबंधन एवं नियोजन में उपयोगी सिद्ध होगा।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

781886 Articles

Share this story