बीकानेर में विकास अधिकारी की गाड़ी में कैश : घर में एक किलो सोने के बिस्किट, आभूषण और कई महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद

WhatsApp Channel Join Now
बीकानेर में विकास अधिकारी की गाड़ी में कैश : घर में एक किलो सोने के बिस्किट, आभूषण और कई महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद


बीकानेर, 26 सितंबर (हि.स.)। फलाेदी जिले में लोहावट के विकास अधिकारी नारायण सुथार के खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की कार्रवाई लगातार आगे बढ़ रही है। बीती रात्रि बीकानेर आते वक्त उनकी गाड़ी से 8 लाख 14 हजार रुपये से अधिक की नकदी मिलने के बाद एसीबी ने जांच का दायरा बढ़ाया तो सर्च कार्रवाई में आज घर से करीब एक किलो सोने के बिस्किट, आभूषण और कई महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद किए गए हैं।

एसीबी की टीम ने एएसपी आशीष कुमार के नेतृत्व में औचक चेकिंग के दौरान विकास अधिकारी की गाड़ी को रुकवाया था। तलाशी के दौरान वाहन से 8 लाख 14 हजार रुपये से अधिक की नकदी बरामद हुई। इसके बाद अधिकारी से पूछताछ की गई और नकदी के स्रोत के संबंध में जानकारी जुटाई गई। एसीबी ने बाद में विकास अधिकारी के आवास सहित अन्य स्थानों पर सर्च अभियान चलाया। सर्च के दौरान सोने के बिस्किट, आभूषण, संपत्ति संबंधी दस्तावेज, रजिस्ट्रियां तथा अन्य महत्वपूर्ण कागजात मिले हैं। जांच एजेंसी अब बरामद नकदी, सोना और दस्तावेजों के बीच संबंधों की पड़ताल कर रही है।सूत्रों के अनुसार कई दस्तावेजों को जांच के लिए जब्त किया गया है। एसीबी यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद नकदी और सोना किस स्रोत से अर्जित किया गया तथा उनका वित्तीय रिकॉर्ड से क्या संबंध है। पूरे मामले की जांच एएसपी आशीष कुमार और डीवाईएसपी इंद्र कुमार के नेतृत्व में की जा रही है।

एसीबी अधिकारियों का कहना है कि जांच अभी जारी है और तथ्यों के सत्यापन के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। मामले में आने वाले दिनों में और महत्वपूर्ण खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव

Share this story