यातायात पुलिसकर्मियों की सेहत का ख्याल: 231 जवानों की हुई ईसीजी और शुगर जांच
जयपुर, 23 अप्रैल (हि.स.)। तपती धूप और प्रदूषण के बीच सड़कों पर तैनात रहने वाले यातायात पुलिसकर्मियों के बेहतर स्वास्थ्य के लिए जयपुर पुलिस द्वारा विशेष पहल की गई है। पुलिस उपायुक्त (यातायात) योगेश गोयल के निर्देशन में आयोजित तीन दिवसीय विशेष मेडिकल कैंप का गुरुवार को समापन हुआ। यादगार स्थित सभागार भवन में आयोजित इस शिविर में जवानों के हृदय स्वास्थ्य और जीवन शैली से जुड़ी जांचें की गईं।
पुलिस उपायुक्त (यातायात) योगेश गोयल के अनुसार दाना शिवम हृदय एवं सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल और पुलिस लाइन अस्पताल के संयुक्त तत्वावधान में यह शिविर 21 अप्रैल से 23 अप्रैल 2026 तक आयोजित किया गया। शिविर के दौरान 231 पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के स्वास्थ्य का परीक्षण किया गया। इसमें मुख्य रूप से ब्लड प्रेशर (बीपी), शुगर और ईसीजी जैसी महत्वपूर्ण जांचें निःशुल्क की गईं।
शिविर के अंतिम दिन एक विशेष हेल्थ सेमिनार का आयोजन किया गया। इसमें दाना शिवम हॉस्पिटल की टीम ने जवानों को 'बुनियादी जीवन रक्षक प्रणाली' (बीएलएस) की जानकारी दी। आपात स्थिति में किसी व्यक्ति की जान बचाने के लिए सीपीआर देने की बेसिक तकनीक का व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया गया। अस्पताल के डायरेक्टर डॉ. सुनील गर्सा ने जवानों के साथ संवाद करते हुए बताया कि भागदौड़ भरी ड्यूटी के बीच स्वस्थ हृदय के लिए संतुलित आहार और नियमित शारीरिक व्यायाम कितना अनिवार्य है।
सेमिनार के दौरान अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त यातायात (प्रोटोकॉल) भोपाल सिंह भाटी, पुलिस लाइन से डॉ. गिर्राज शर्मा और पुलिस निरीक्षक यातायात प्रशासन प्रवीण कुमार सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने जवानों को अपनी सेहत के प्रति जागरूक रहने और समय-समय पर स्वास्थ्य परीक्षण कराने के लिए प्रोत्साहित किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

