जयपुर जंक्शन पर करोड़ों की इलायची जब्त: 20 से 25 लाख की जीएसटी चोरी की आशंका

WhatsApp Channel Join Now
जयपुर जंक्शन पर करोड़ों की इलायची जब्त: 20 से 25 लाख की जीएसटी चोरी की आशंका


जयपुर जंक्शन पर करोड़ों की इलायची जब्त: 20 से 25 लाख की जीएसटी चोरी की आशंका


जयपुर, 27 अक्टूबर (हि.स.)। जयपुर जंक्शन पर मंगलवार को आरपीएफ और जीआरपी की कार्रवाई में चेन्नई से आई ट्रेन के एसएलआर कोच से करीब दो करोड़ रुपए कीमत की इलायची पकड़ी गई। खेप में इलायची के 89 बैग मिले, जिनका वजन करीब 45 क्विंटल बताया गया है। इसके अलावा कैल्शियम जिंक स्टेबलाइजर के तीन बैग भी मिले। जांच के दौरान किसी भी सामान का जीएसटी बिल और ई-वे बिल नहीं मिला। मामले में 20 से 25 लाख रुपए की जीएसटी चोरी की आशंका जताई जा रही है।

जयपुर आईपीएफ प्रदीप कुमार ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली थी कि ट्रेन के पार्सल कोच में बिना वैध बिल के बड़ी मात्रा में इलायची भेजी जा रही है। इसके बाद पिछले एक महीने से निगरानी की जा रही थी। मंगलवार को सूचना के आधार पर एसएलआर कोच की जांच की गई तो इलायची की बड़ी खेप सामने आई।

जांच में सामने आया कि करीब दो करोड़ रुपए कीमत के माल की रेलवे बिल्टी महज 48 हजार रुपए की बनाई गई थी। रेलवे में पार्सल बुकिंग के दौरान सामान की कीमत बताना जरूरी होता है। अधिकारियों को आशंका है कि माल की वास्तविक कीमत कम दर्शाकर रेलवे को भी किराए के रूप में आर्थिक नुकसान पहुंचाया गया। अब यह जांच की जा रही है कि बुकिंग के समय सामान की कीमत कम क्यों बताई गई और बिना जीएसटी बिल व ई-वे बिल के इतनी बड़ी खेप कैसे भेजी गई।

इस मामले में पार्सल बुकिंग से जुड़े कर्मचारियों और लीजधारक की भूमिका भी जांच के दायरे में है। अधिकारियों का आरोप है कि कार्रवाई के दौरान पार्सल कर्मचारियों ने सहयोग नहीं किया और जांच में बाधा डालने की कोशिश की। हालांकि, इस संबंध में जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

आरपीएफ की सूचना पर सीजीएसटी के अधिकारी मौके पर पहुंचे और माल की जांच शुरू की। माल मंगवाने वाली पार्टी को कर जमा कराने के लिए स्टेशन बुलाया गया, लेकिन कोई भी मौके पर नहीं पहुंचा। इसके बाद सीजीएसटी अधिकारी हेमंत अरोड़ा ने लिखित निर्देश दिए कि विभाग की अनुमति के बिना माल किसी को नहीं सौंपा जाए। पूरी खेप को पार्सल गोदाम में सुरक्षित रखवा दिया गया है।

अधिकारियों के प्रारंभिक अनुमान के अनुसार मामले में 20 से 25 लाख रुपए की जीएसटी चोरी हो सकती है। हालांकि, माल की वास्तविक कीमत का आकलन अभी बाकी है। कीमत तय होने के बाद जीएसटी और जुर्माने की वसूली की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी। मामले में बुधवार को आगे की कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

767960 Articles

Share this story