एमएनआईटी परिसर में मिला आठ माह के लेपर्ड शावक का शव

WhatsApp Channel Join Now
एमएनआईटी परिसर में मिला आठ माह के लेपर्ड शावक का शव


एमएनआईटी परिसर में मिला आठ माह के लेपर्ड शावक का शव


जयपुर, 26 अक्टूबर (हि.स.)। राजधानी के मालवीय राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एमएनआईटी) परिसर में सोमवार को करीब आठ माह के लेपर्ड शावक का शव मिलने से हड़कंप मच गया। सूचना पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और मेडिकल बोर्ड से शावक का पोस्टमार्टम करवाया। इसके बाद मेडिकल, पुलिस, राजस्व और वन विभाग की टीम की मौजूदगी में शव का अंतिम संस्कार किया गया। फिलहाल शावक की मौत के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्थिति स्पष्ट होगी।

सहायक वन संरक्षक (एसीएफ) जितेंद्र सिंह शेखावत ने बताया कि एमएनआईटी परिसर में मादा लेपर्ड शावक मृत मिला था। उसके शरीर पर चोट के निशान नहीं थे। शावक के नाखून, दांत और अन्य सभी अंग सुरक्षित मिले हैं। मेडिकल बोर्ड से परीक्षण और पोस्टमार्टम कराने के बाद नियमानुसार अंतिम संस्कार किया गया। यह भी स्पष्ट नहीं हो पाया है कि शावक परिसर में कब पहुंचा और उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई।

मादा लेपर्ड पूजा के क्षेत्र में मिला शव

वन विभाग के अनुसार एमएनआईटी परिसर मादा लेपर्ड पूजा का विचरण क्षेत्र है। झालाना जंगल से लेपर्ड कई बार आबादी वाले इलाकों की ओर आ जाते हैं। एमएनआईटी परिसर में भी पहले लेपर्ड की आवाजाही की सूचनाएं मिल चुकी हैं। शावक का शव भी मादा लेपर्ड पूजा के क्षेत्र में ही मिला है।

वन विभाग ने निगरानी बढ़ाते हुए परिसर में ट्रैप कैमरे लगाए हैं। विभाग मादा लेपर्ड पूजा की लोकेशन और गतिविधियों पर नजर रख रहा है। एमएनआईटी प्रशासन और वन विभाग ने संस्थान के कर्मचारियों तथा विद्यार्थियों को सतर्क रहने की सलाह दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

767368 Articles

Share this story