कार—ट्रक भिड़ंत में हीरा व्यापारी समेत दो की मौत
प्रतापगढ़, 01 जून (हि.स.)। चित्तौड़गढ़-बांसवाड़ा राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-56) पर सोमवार तड़के हुए भीषण सड़क हादसे में मुंबई के एक हीरा व्यापारी समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यापारी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा प्रतापगढ़ जिले के सुहागपुरा थाना क्षेत्र में पाडलिया जीएसएस के समीप अलसुबह करीब पांच बजे हुआ।पुलिस के अनुसार निर्माण कार्यों में प्रयुक्त एक मिक्सर ट्रक प्रतापगढ़ से बांसवाड़ा की ओर जा रहा था, जबकि मुंबई से आ रही कार बांसवाड़ा की दिशा में बढ़ रही थी। इसी दौरान दोनों वाहनों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रक कार को घसीटते हुए सड़क किनारे लगभग 150 फीट गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। कार में चालक भावेश (35), मुंबई निवासी हीरा व्यापारी राजकुमार मूणत (42) तथा उनके मित्र घनश्याम पटेल (50) सवार थे। दुर्घटना में घनश्याम पटेल की मौके पर ही मृत्यु हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल चालक भावेश और राजकुमार मूणत को ग्रामीणों की सहायता से बाहर निकालकर जिला अस्पताल पहुंचाया गया। उपचार के दौरान चालक भावेश ने भी दम तोड़ दिया। राजकुमार मूणत का अस्पताल में उपचार जारी है।हादसे के बाद खाई में गिरी कार में सवार लोग बुरी तरह फंस गए थे। चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। घायल राजकुमार मूणत ने बताया कि वे और उनके मित्र घनश्याम पटेल मुंबई में हीरों का कारोबार करते हैं। प्रतापगढ़ जिले के निनौर गांव स्थित पुश्तैनी जमीन से जुड़े पारिवारिक विवाद के सिलसिले में वे मुंबई से अपने गांव आ रहे थे, लेकिन घर पहुंचने से पहले ही यह दुर्घटना हो गई।सुहागपुरा थानाधिकारी मनीष कुमार वैष्णव के अनुसार फरार ट्रक चालक की तलाश के लिए पुलिस टीमों को लगाया गया है। दोनों शवों को जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है।
हिन्दुस्थान समाचार / सुनीता

