रोडवेज बस में पीछे से घुसी कार, तीन युवकों की मौत
जयपुर, 23 जुलाई (हि.स.)। पाली जिले के रोहट थाना इलाके के जोधपुर-पाली राष्ट्रीय राजमार्ग के बांडाई मोड़ के निकट गुरुवार को हुए भीषण सड़क हादसे में कार सवार तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। तेज रफ्तार स्विफ्ट कार आगे चल रही राजस्थान रोडवेज की बस के पिछले हिस्से में जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार युवक अंदर ही फंस गए।
रोहट थानाधिकारी पाना चौधरी ने बताया कि हादसे में हेमू (20) पुत्र तुलसाराम, कुशाल (21) पुत्र दिलीप और प्रवीण (18) पुत्र बाबूलाल, निवासी पांच बत्ती सांसी कॉलोनी, जोधपुर की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं रौनक (21) पुत्र देवाराम और हनीश (18) पुत्र मनोज कुमार, निवासी पांच बत्ती सांसी कॉलोनी, गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जोधपुर रेफर किया गया है।
चौधरी ने बताया कि कार में सवार पांचों युवक जोधपुर से ओम बन्ना के दर्शन के लिए पाली आ रहे थे। बांडाई मोड़ के पास पहुंचने पर कार अनियंत्रित होकर आगे चल रही रोडवेज बस के पीछे जा टकराई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के ग्रामीणों और राहगीरों ने तत्काल पुलिस और एम्बुलेंस को सूचना दी तथा क्षतिग्रस्त कार में फंसे युवकों को बाहर निकालने में मदद की।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि जोरदार धमाके की आवाज सुनकर लोग मौके पर पहुंचे। तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो चुकी थी, जबकि दो घायल दर्द से कराह रहे थे। राहगीरों ने उन्हें एम्बुलेंस की सहायता से अस्पताल पहुंचाया।
प्रारंभिक जानकारी में कुछ प्रत्यक्षदर्शियों ने दावा किया कि घुमाव पर रोडवेज बस चालक ने अचानक ब्रेक लगाए, जिससे पीछे से आ रही तेज रफ्तार कार बस में घुस गई। हालांकि पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
पुलिस ने बस और कार को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। कार की गति, सड़क की स्थिति, बस चालक की भूमिका और अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है। तीनों मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल की मोर्चरी में रखवाए गए हैं तथा परिजनों को सूचना दे दी गई है।
मृतकों के परिजन अस्पताल पहुंच गए। उन्होंने बताया कि यदि उन्हें अंदेशा होता तो युवकों को अकेले कार से यात्रा करने नहीं देते। पुलिस का कहना है कि हादसे के वास्तविक कारणों का खुलासा जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

