कार डिवाइडर से टकराकर दो गाड़ियों से भिड़ी, दो ममेरे भाइयों की मौत
पाली, 13 अप्रैल (हि.स.)। जिले में बश रविवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की जान चली गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए। हादसा सदर थाना क्षेत्र के मंडिया बाइपास पर रात में हुआ, जहां तेज रफ्तार स्विफ्ट कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराने के बाद दो अन्य वाहनों से जा भिड़ी।
पुलिस के अनुसार कार में सवार पांच युवक घूमने के लिए निकले थे। वे ओम बन्ना के दर्शन कर जोधपुर लौट रहे थे। इसी दौरान बाइपास पर कार पहले डिवाइडर से टकराई और फिर नियंत्रण खोकर सड़क के दूसरी ओर पहुंच गई, जहां उसकी टक्कर इनोवा कार और एक अन्य वाहन से हो गई।
हादसा इतना भीषण था कि स्विफ्ट कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार युवक फंस गए। मौके पर मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए सभी घायलों को बाहर निकाला और पाली के बांगड़ अस्पताल पहुंचाया।
बांगड़ अस्पताल में जैसलमेर के जसवंतपुरा निवासी मानवेंद्र सिंह (20) को मृत घोषित कर दिया गया, जबकि बालोतरा निवासी लोकेंद्र सिंह (20) और पवन (19) को गंभीर हालत में जोधपुर रेफर किया गया। उपचार के दौरान लोकेंद्र सिंह ने भी दम तोड़ दिया। अन्य दो युवक भोपाल सिंह और महावीर सिंह को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।
परिजनों के अनुसार मृतक मानवेंद्र और लोकेंद्र आपस में ममेरे भाई थे। दोनों ग्रेजुएशन की पढ़ाई कर रहे थे और उनके परिवार खेती-किसानी से जुड़े हैं।
इस हादसे से दोनों परिवारों में शोक की लहर छा गई है।
हादसे के दौरान इनोवा कार के एयरबैग खुलने से उसका चालक सुरक्षित बच गया। हादसे के बाद वह मौके से चला गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शवों को अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और वाहन का नियंत्रण खोना हादसे का कारण माना जा रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

