कार ने बाइक सवार पत्रकार को मारी टक्कर: इलाज के दौरान मौत

WhatsApp Channel Join Now
कार ने बाइक सवार पत्रकार को मारी टक्कर: इलाज के दौरान मौत


जयपुर, 08 अप्रैल (हि.स.)। मालवीय नगर थाना इलाके में मंगलवार की देर रात को एक कार ने आगे चल रहे बाइक सवार एक पत्रकार देवेन्द्र शर्मा को टक्कर मार दी। इस हादसे में पत्रकार देवेन्द्र शर्मा गंभीर रूप से घायल हो गए। जिसे सवाई मानसिंह अस्पताल में भर्ती करवाया गया। जहां इलाज के दौरान बुधवार को उनकी मौत हो गई। इस संबंध में मृतक पत्रकार के भाई दिनेश शर्मा की ओर से मामला दर्ज करवाया गया है। इस मामले की जांच पड़ताल सड़क दुर्घटना थाना पूर्व पुलिस की ओर से की जा रही है।

जांच अधिकारी हेड (सड़क दुर्घटना थाना पूर्व) कांस्टेबल सरदारमल ने बताया कि हादसा मंगलवार रात को ओटीएस और आरआईसी के बीच में एमएनआईटी की दीवार के पास हुआ था। जहां कार सवार ने आग चले रहे बाइक सवार पत्रकार देवेन्द्र शर्मा(45) निवासी बसवा जिला दौसा हाल महारानी फार्म दुर्गापुरा जयपुर को टक्कर मार दी। इस हादसे में देवेन्द्र शर्मा उछल कर सडक पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल देवेन्द्र शर्मा को सवाई मानसिंह अस्पताल भर्ती करवाया। जहां चिकित्सकों ने बिना किसी देरी के उनका इलाज करना शुरू कर दिया। लेकिन बुधवार सुबह उनकी इलाज के दौरान मौत हो गई। अस्पताल की ओर से मिली सूचना पर सड़क दुर्घटना थाना पूर्व पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों के हवाले कर दिया गया। वहीं मृतक पत्रकार के भाई दिनेश शर्मा की ओर से कार सवार चालक के खिलाफ मामला दर्ज करवाया है।

कांस्टेबल सरदारमल ने बताया कि टक्कर मारने वाली कार को डिटेन कर लिया गया है। जल्द ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। जानकारी के अनुसार पत्रकार देवेन्द्र शर्मा मंगलवार रात को कार्यालय से अपने घर की तरफ बाइक से जा रहे थे। पत्रकार देवेन्द्र शर्मा कई मीडिया संस्थानों में अपनी सेवाएं दे चुके थे। अभी हाल में किसी बड़े मीडिया संस्थान में कार्यरत थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Share this story