हादसा : कार और बाइक की भिड़ंत,दो युवकों की मौत
धौलपुर, 04 मार्च (हि.स.)। आगरा-मुंबई नेशनल हाईवे पर बुधवार दोपहर एक कार और बाइक की भिड़ंत में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। हादसे में गंभीर रूप से घायल हुए एक युवक को उपचार के लिए धौलपुर के जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। धौलपुर जिला अस्पताल चौकी प्रभारी प्रेम सिंह ने बताया कि हादसे का शिकार हुए तीनों युवक धौलपुर में हलवाई का काम करते थे। बुधवार को होली खेलने के बाद तीनों युवक बाइक से आगरा की ओर जा रहे थे। आगरा-मुंबई नेशनल हाईवे पर मनियां थाना क्षेत्र में हिनौता चौकी के पास उनकी बाइक की एक नेक्सॉन कार से जोरदार भिडंत हो गई। कार और बाइक की भिडंत के बाद में तीनों बाइक से उछलकर सड़क पर गिर गए। इनमें दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान 24 वर्षीय ऋषभ पुत्र गोदान सिंह निवासी बाजिदपुर थाना फतेहाबाद जिला आगरा उप्र और करीब 25 वर्षीय दुर्गेश पुत्र छोटेलाल कुशवाह निवासी अमरूपुरा थाना सैंया जिला आगरा उप्र के रूप में हुई है। इस हादसे में अमरूपुरा थाना सैंया जिला आगरा उप्र निवासी करीब 20 वर्षीय भूरा गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही मनियां थाना पुलिस मौके पर पहुंची तथा घायल को अस्पताल पहुंचाया,जहां उसकी गंभीर हालत को देखते हुए आगरा रेफर कर दिया। मनियां थाना पुलिस ने हादसे के बाद कार तथा क्षतिग्रस्त बाइक को जब्त कर लिया। पुलिस ने मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम करवाकर उनके शव परिजनों को सौंप दिए हैं। इस संबंध में पुलिस ने मनियां थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रदीप

