एमडीएस विश्वविद्यालय में परिसर विकास एवं सांस्कृतिक संरक्षण प्रकोष्ठ गठित
अजमेर, 11 जुलाई(हि.स.)।महर्षि दयानन्द सरस्वती विश्वविद्यालय (एमडीएसयू) ने परिसर के समग्र विकास, सुव्यवस्थित रखरखाव तथा सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के लिए महत्वपूर्ण पहल करते हुए परिसर विकास एवं सांस्कृतिक संरक्षण प्रकोष्ठ का गठन किया है। कुलगुरु प्रो. सुरेश कुमार अग्रवाल के अनुमोदन से गठित इस प्रकोष्ठ के अध्यक्ष पर्यावरण विज्ञान विभागाध्यक्ष प्रो. सुब्रत दत्ता बनाए गए हैं। प्रो. सुभाष चन्द्र, राजेन्द्र तिवारी और सीताराम जोशी को सदस्य नियुक्त किया गया है।
कुलगुरु प्रो. अग्रवाल ने कहा कि विश्वविद्यालय केवल शिक्षा का केंद्र नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, मूल्यों और सामाजिक उत्तरदायित्व का भी प्रतीक है। परिसर का विकास निर्माण कार्यों तक सीमित नहीं है, बल्कि स्वच्छ, पर्यावरण-अनुकूल और सांस्कृतिक रूप से समृद्ध वातावरण का निर्माण भी इसकी प्राथमिकता है।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने परिसर में स्थापित भगवान गणेश, माँ सरस्वती, महर्षि दयानन्द सरस्वती सहित विभिन्न महापुरुषों की प्रतिमाओं के संरक्षण, स्वच्छता, माल्यार्पण एवं गरिमापूर्ण रखरखाव का दायित्व शिक्षण विभागों और प्रशासनिक शाखाओं को वार्षिक रोस्टर के आधार पर सौंपने का निर्णय लिया है। प्रत्येक विभाग वर्ष में कम से कम एक दिन यह जिम्मेदारी निभाएगा।
प्रशासन के अनुसार 20 जुलाई से नई व्यवस्था लागू होगी। कुलगुरु ने विश्वास जताया कि यह पहल मेरा विश्वविद्यालय–मेरी जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करेगी तथा विद्यार्थियों, शिक्षकों और कर्मचारियों में स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और भारतीय सांस्कृतिक मूल्यों के प्रति सम्मान को बढ़ावा देगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष

