दस करोड़ नशामुक्ति प्रतिज्ञा महाअभियान का शुभारंभ: ब्रह्माकुमारीज़ ने लिया समाज को नशामुक्त बनाने का संकल्प

WhatsApp Channel Join Now
दस करोड़ नशामुक्ति प्रतिज्ञा महाअभियान का शुभारंभ: ब्रह्माकुमारीज़ ने लिया समाज को नशामुक्त बनाने का संकल्प


जयपुर, 06 अगस्त (हि.स.)। ब्रह्माकुमारीज़ पीस पैलेस वीकेआई, 6 नंबर ब्रांच में ‘10 करोड़ नशामुक्ति प्रतिज्ञा महाअभियान’ का भव्य शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम का उद्देश्य समाज को नशामुक्त बनाने के लिए अधिक से अधिक लोगों को नशामुक्ति की प्रतिज्ञा से जोड़ना और स्वस्थ, जागरूक व संस्कारित भारत के निर्माण का संकल्प लेना रहा।

अभियान का शुभारंभ सी.के.एस. हॉस्पिटल के निदेशक एवं वरिष्ठ हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. प्रकाश चंदवानी, मनोचिकित्सक एवं बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. नीरज गढ़वाल, उद्योगपति बीके अशोक शर्मा, सेवाकेंद्र संचालिका ब्रह्माकुमारी हेमलता बहन और कविता बहन ने किया।

इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने राष्ट्रीय नशामुक्ति प्रतिज्ञा लेते हुए स्वयं नशे से दूर रहने और परिवार, समाज तथा कम से कम 10 अन्य लोगों को नशामुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया।

मुख्य अतिथि डॉ. प्रकाश चंदवानी ने कहा कि नशामुक्त समाज का निर्माण केवल कानून या सरकारी प्रयासों से संभव नहीं है। इसके लिए प्रत्येक नागरिक, परिवार, शैक्षणिक संस्थान और समाज की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने युवाओं से स्वस्थ, मूल्यनिष्ठ और जिम्मेदार जीवन अपनाने का आह्वान किया।

विशिष्ट अतिथि डॉ. नीरज गढ़वाल ने कहा कि नशे की समस्या का समाधान जागरूकता, संस्कार, पारिवारिक मूल्यों, सकारात्मक जीवनशैली और आत्मिक सशक्तिकरण से संभव है। उन्होंने सभी संस्थाओं और नागरिकों से अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की।

सेवाकेंद्र संचालिका ब्रह्माकुमारी हेमलता बहन ने अभियान की जानकारी दी, वहीं ब्रह्माकुमारी कविता बहन ने उपस्थित लोगों को राजयोग मेडिटेशन का अभ्यास कराया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Share this story