डॉ. बंसल की गिरफ्तारी के विरोध में आंदोलन का आह्वान

WhatsApp Channel Join Now
डॉ. बंसल की गिरफ्तारी के विरोध में आंदोलन का आह्वान


जयपुर, 13 अप्रैल (हि.स.)। राजधानी के निविक हॉस्पिटल के निदेशक डॉ. सोनदेव बंसल की गिरफ्तारी के विरोध में प्रदेशभर का चिकित्सा जगत आंदोलन के मूड में है। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) राजस्थान ने 14 अप्रैल सुबह 8 बजे से 15 अप्रैल सुबह 8 बजे तक 24 घंटे के लिए निजी अस्पतालों में सेवाएं बंद रखने का आह्वान किया है।

आईएमए के जोनल सचिव डॉ. अनुराग शर्मा ने बताया कि डॉ. बंसल की गिरफ्तारी से चिकित्सकों में गहरा रोष है। उन्होंने कहा कि जिस प्रकरण में गिरफ्तारी की गई है, उसमें पहले गठित मेडिकल बोर्ड ने किसी भी प्रकार की चिकित्सकीय लापरवाही नहीं पाई थी। इसके बावजूद आरजीएचएस से संबंधित कथित अनियमितताओं के आधार पर एक प्रतिष्ठित चिकित्सक के खिलाफ आपराधिक कार्रवाई करना उचित नहीं है।

इस मुद्दे पर आईएमए राजस्थान की आपात बैठक आयोजित की गई, जिसमें विभिन्न शाखाओं के पदाधिकारी और अन्य चिकित्सा संगठनों के प्रतिनिधि शामिल हुए। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि विरोध स्वरूप सामूहिक कदम उठाया जाए। निर्णय के अनुसार 24 घंटे के लिए निजी अस्पतालों में ओपीडी और आईपीडी सेवाएं बंद रहेंगी। साथ ही प्राइवेट मेडिकल कॉलेज, पैरामेडिकल सेवाएं और अन्य संबंधित चिकित्सा संस्थानों को भी इस आंदोलन में शामिल होने का आह्वान किया गया है।

आईएमए ने सरकारी चिकित्सकों से भी समर्थन देने की अपील की है, ताकि विरोध व्यापक स्तर पर दर्ज कराया जा सके। हालांकि, मरीजों की सुरक्षा को देखते हुए आवश्यक सेवाओं को लेकर स्थानीय स्तर पर निर्णय लिया जाएगा। इस फैसले से आमजन को स्वास्थ्य सेवाओं में अस्थायी असुविधा का सामना करना पड़ सकता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Share this story