सुशासन एवं जनकल्याण सर्वोच्च प्राथमिकता: पटेल

WhatsApp Channel Join Now
सुशासन एवं जनकल्याण सर्वोच्च प्राथमिकता: पटेल


जोधपुर, 25 जुलाई (हि.स.)। विधानसभा क्षेत्र लूणी के जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग, ऊर्जा विभाग, राजस्व विभाग और पंचायती राज विभाग की समीक्षा बैठक शनिवार को पाल रोड स्थित पंचायत समिति लूणी के सभागार में संसदीय कार्य, विधि एवं विधिक कार्य मंत्री जोगाराम पटेल की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में वर्तमान जलापूर्ति स्थिति, टैंकर व्यवस्था, समर कंटिंजेंसी कार्यों एवं आगामी कार्ययोजना, विद्युत आपूर्ति, ट्रिपिंग की समस्या और आरडीएसएस की प्रगति के संबंध में विस्तृत चर्चा की गई।

संसदीय कार्य मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा के संवेदनशील नेतृत्व में सुशासन और जनकल्याण हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।

उन्होंने कहा विधानसभा क्षेत्र लूणी के अंतिम गांव और ढाणी तक पेयजल और विद्युत की समुचित आपूर्ति की दिशा में निरंतर कार्य किया जा रहा है। पटेल ने जन स्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी विभाग के अधिकारियों को क्षतिग्रस्त पाइपलाइन के रिप्लेसमेंट, क्षेत्र के ट्यूबवेल और हैंडपंप की रिपोर्ट प्रस्तुत करने, माँग के अनुरूप कंटेंजेंसी सप्लाई करने और विभिन्न विकास कार्यों को तय समयावधि पूर्ण करने के लिए आवश्यक निर्देश दिए।

विधि मंत्री ने पाल, बोरानाडा, कुड़ी भगतासनी, नांदड़ी, नांदड़ा कल्ला और उचियारड़ा में समुचित जलापूर्ति सुनिश्चित के लिए व्यापक कार्य योजना बनाने के लिए आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने अभियान चलाकर अवैध कनेक्शन काटने के लिए निर्देशित किया। उन्होंने लीकेज सुधारने, सीडब्ल्यूआर एवं एसआर की भराव क्षमता और तकनीकी रूप से भराव समयावधि की विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने और सीडब्ल्यूआर, एसआर और जीएलआर की नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए निर्देशित किया।

बैठक में उपखंड अधिकारी लूणी हसमुख कुमार, अधीक्षण अभियंता (पीएचईडी) राजेंद्र मेहता, मनोज भूवन, विकास अधिकारी लूणी कंवरलाल सोनी, विकास अधिकारी धवा ओमप्रकाश चौधरी सहित संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

Share this story