अजमेर में बस 200 फीट खाई में गिरी, दो महिलाओं की मौत, 31 घायल

WhatsApp Channel Join Now
अजमेर में बस 200 फीट खाई में गिरी, दो महिलाओं की मौत, 31 घायल


अजमेर, 19 अप्रैल (हि.स.)। अजमेर जिले में रविवार को एक दर्दनाक हादसे में सवारियों से भरी बस करीब 200 फीट गहरी खाई में गिर गई। हादसे में दो महिलाओं की मौत हो गई, जबकि 31 लोग घायल हो गए। बस में कुल 33 यात्री सवार थे, जो पुष्कर की ओर जा रहे थे।

पुलिस के अनुसार हादसा रविवार दोपहर करीब 12 बजे पुष्कर घाटी में, पुष्कर से लगभग तीन किलोमीटर पहले सांझीसर के पास हुआ। अजमेर से पुष्कर की ओर जा रही बस अचानक अनियंत्रित होकर मुख्य सड़क से नीचे खाई में उतर गई और पेड़-पौधों में फंस गई। हादसे के बाद मौके से गुजर रहे लोगों ने साहस दिखाते हुए कपड़ों की मदद से रस्सी बनाकर घायलों को खाई से बाहर निकाला। सभी घायलों को पहले पुष्कर के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां से गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें अजमेर के जेएलएन अस्पताल रेफर किया गया।

सीओ ग्रामीण रामचंद्र चौधरी ने बताया कि दुर्घटना में पूजा (28) पत्नी विजय सिंह गुर्जर और विमला देवी (50) पत्नी ओमप्रकाश गुर्जर की मौत हो गई। दोनों मृतक अजमेर की निवासी थीं। एक घायल को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है। हादसे के बाद पुष्कर घाटी में लंबा जाम लग गया। सूचना पर पुलिस, एसडीआरएफ, सिविल डिफेंस और अन्य बचाव दल मौके पर पहुंचे और रेस्क्यू अभियान चलाया गया।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बस में सवार लोग पीसांगन क्षेत्र के बडसूरी गांव में एक पारिवारिक कार्यक्रम (मायरा) में शामिल होने जा रहे थे। घटना के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया जिसकी तलाश की जा रही है।

कांग्रेस नेता नौरत गुर्जर ने मृतकों के परिजनों को उचित मुआवजा देने और बस के परमिट की जांच की मांग की है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

Share this story