छह दिन से लापता बस चालक का आमेर की पहाड़ी पर मिला शव

WhatsApp Channel Join Now
छह दिन से लापता बस चालक का आमेर की पहाड़ी पर मिला शव


जयपुर, 17 अक्टूबर (हि.स.)। आमेर की हांडी पुरा पहाड़ी पर शनिवार दोपहर एक युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान पातलवास आंधी निवासी महेश शर्मा (35) के रूप में हुई है। वह निजी बस चलाता था और पिछले छह दिन से लापता था। शव के पास सल्फास का खाली पैकेट मिलने से पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। हालांकि, मौत के कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही होगा।

एसीपी आमेर एवं प्रोबेशनर आईपीएस प्रतीक सिंह के अनुसार महेश 11 अक्टूबर को सुबह गांव से सवारियां लेकर जयपुर के लिए निकला था। रात करीब 9:30 बजे उसका मोबाइल बंद हो गया। परिजनों ने तलाश की तो उसकी बस रामगढ़ मोड़ पर खड़ी मिली, लेकिन महेश का कोई पता नहीं चला। इसके बाद 12 अक्टूबर को ब्रह्मपुरी थाने में उसकी गुमशुदगी दर्ज करवाई गई।

ब्रह्मपुरी थाना पुलिस मोबाइल नंबर के आधार पर महेश की तलाश कर रही थी। शुक्रवार देर रात उसका मोबाइल दोबारा चालू होने पर लोकेशन आमेर के हांडीपुरा क्षेत्र की पहाड़ी पर मिली। इसके बाद पुलिस ने सर्च ऑपरेशन चलाया और मोबाइल लोकेशन के आधार पर पहाड़ी के करीब डेढ़ किलोमीटर अंदर तक पहुंची। वहां महेश का शव क्षत-विक्षत अवस्था में मिला।

मौके पर सल्फास का खाली पैकेट भी पड़ा मिला। पुलिस ने एफएसएल टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाए। इसके बाद एसडीआरएफ की मदद से शव को पहाड़ी से नीचे उतारकर एसएमएस अस्पताल की मोर्चरी में पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया।

पुलिस के अनुसार मृतक के अंगूठे की तरफ चोट या नोंचे जाने के निशान मिले हैं। आशंका है कि शव के पास किसी जानवर की गतिविधि रही हो। पुलिस इस संभावना की भी जांच कर रही है कि जानवर के संपर्क में आने से मोबाइल का बटन दबा हो और फोन चालू हो गया हो। फिलहाल मौत के कारणों का पता लगाने के लिए पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

762799 Articles

Share this story