हिस्ट्रीशीटर दंपती के अवैध अतिक्रमण पर चला बुलडोजर

WhatsApp Channel Join Now
हिस्ट्रीशीटर दंपती के अवैध अतिक्रमण पर चला बुलडोजर


जयपुर, 04 जुलाई (हि.स.)। जयपुर पुलिस और जयपुर विकास प्राधिकरण (जेडीए) ने अपराधियों एवं सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा करने वालों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत शनिवार को सांगानेर में हिस्ट्रीशीटर दंपती के अवैध निर्माण पर बुलडोजर चलाया। पुलिस की मौजूदगी में सरकारी जमीन पर किए गए अतिक्रमण को पूरी तरह ध्वस्त कर हटाया गया।

पुलिस उपायुक्त (पूर्व) रंजिता शर्मा ने बताया कि पुलिस कमिश्नर के निर्देश पर अपराधियों, माफियाओं और सरकारी भूमि पर कब्जा करने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस और जेडीए की संयुक्त टीम ने कृष्णा विहार, सांगानेर निवासी आदतन अपराधी एवं हिस्ट्रीशीटर श्योराज सांसी और उसकी पत्नी गुड्डी सांसी द्वारा किए गए अतिक्रमण को चिह्नित किया।

जांच में सामने आया कि दंपती ने सरकारी एवं सार्वजनिक भूमि पर अवैध कब्जा कर पक्के और कच्चे निर्माण कर रखे थे। मकान संख्या-193 के आगे टीनशेड लगाकर आम रास्ते पर कब्जा कर लिया गया था, जिससे गली में रहने वाले लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही थी।

शनिवार दोपहर सांगानेर थाना पुलिस के अतिरिक्त जाब्ते और जेडीए के प्रवर्तन अधिकारियों की मौजूदगी में बुलडोजर से अवैध निर्माण को ध्वस्त कर अतिक्रमण हटा दिया गया। कार्रवाई के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहा।

पुलिस और जेडीए ने स्पष्ट किया कि सरकारी भूमि पर कब्जा करने वाले अपराधियों और भू-माफियाओं के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति आगे भी जारी रहेगी। अवैध अतिक्रमण और गैरकानूनी रूप से अर्जित संपत्तियों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Share this story