बूढ़ा अमरनाथ यात्रा 15 अगस्त को जोधपुर से होगी रवाना

WhatsApp Channel Join Now
बूढ़ा अमरनाथ यात्रा 15 अगस्त को जोधपुर से होगी रवाना


जोधपुर, 19 जून (हि.स.)। बजरंग दल की बूढ़ा अमरनाथ यात्रा 15 अगस्त को जोधपुर से रवाना होगी। इसके पोस्टर का विमोचन आज एक कार्यक्रम में किया गया।

इस दौरान बजरंग दल के राष्ट्रीय संयोजक किशन प्रजापत ने यात्रा की जानकारी देते हुए कहा कि बाबा बूढ़ा अमरनाथ यात्रा केवल एक धार्मिक यात्रा नहीं, बल्कि कश्मीर के हिंदू समाज में सुरक्षा, आत्मविश्वास और राष्ट्रीय एकता के भाव को सुदृढ़ करने का एक महत्वपूर्ण अभियान है। यह यात्रा देश के विभिन्न भागों से आने वाले श्रद्धालुओं को कश्मीर के सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक वैभव से जोड़ते हुए राष्ट्र की अखंडता और समरसता का संदेश देती है। वर्षों से बाबा बूढ़ा अमरनाथ यात्रा जम्मू-कश्मीर के सीमावर्ती क्षेत्रों में रहने वाले हिंदू समाज के मन में सुरक्षा और अपनत्व का भाव जागृत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। देशभर से बजरंग दल कार्यकर्ता व श्रद्धालुओं की उपस्थिति स्थानीय समाज को यह विश्वास दिलाती है कि पूरा राष्ट्र उनके साथ खड़ा है। उन्होंने बताया कि यह यात्रा श्रद्धा, भक्ति और राष्ट्रभक्ति का अद्भुत संगम है।

भगवान शिव के पवित्र धाम बाबा बूढ़ा अमरनाथ के दर्शन के साथ-साथ यात्री कश्मीर में शांति, सद्भाव और सामाजिक समरसता के संदेश को भी आगे बढ़ाते हैं। विश्व हिंदू परिषद के प्रांत उपाध्यक्ष मानाराम विश्नोई ने कहा कि यात्रा के माध्यम से देश की युवा पीढ़ी को कश्मीर की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक एवं धार्मिक विरासत से परिचित होने का अवसर प्राप्त होता है।

साथ ही यह यात्रा राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं सांस्कृतिक चेतना को मजबूत करने में भी महत्वपूर्ण योगदान देती है। प्रांत संयोजक विक्रम परिहार ने बताया कि इस अवसर पर प्रांत की यात्रा के पंजीयन हेतु बारकोड व पोस्टर का विमोचन राष्ट्रीय संयोजक के साथ प्रांत संगठन मंत्री राजेश पटेल मंत्री परमेश्वर जोशी, सहमंत्री महेंद्र सिंह राजपुरोहित महेंद्र उपाध्याय पंडित राजेश दवे सहित संगठन के पदाधिकारियों द्वारा किया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

Share this story