बीटीयू की 16वीं अकादमिक काउंसिल में शैक्षणिक लचीलेपन और कौशल विकास पर जोर
बीकानेर, 19 सितंबर (हि.स.)। बीकानेर तकनीकी विश्वविद्यालय की 16वीं अकादमिक काउंसिल की बैठक कुलगुरु प्रो. अखिल रंजन गर्ग की अध्यक्षता में हुई। बैठक में विश्वविद्यालय के शैक्षणिक विकास, विद्यार्थियों के लिए लचीले शैक्षणिक अवसर, कौशल आधारित एवं उद्योग उन्मुख शिक्षा, शोध तथा उच्च शिक्षा की गुणवत्ता को मजबूत करने से जुड़े विभिन्न प्रस्तावों पर विचार-विमर्श कर अनुमोदन दिया गया।
विश्वविद्यालय के जनसंपर्क अधिकारी विक्रम राठौड़ ने बताया कि बैठक में शैक्षणिक लचीलापन, अप्रेंटिसशिप, डिजिटल लर्निंग, प्रमाणपत्र आधारित कौशल विकास, शोध शिक्षा और भारतीय ज्ञान परंपरा को संस्थागत रूप से बढ़ावा देने से जुड़े विषयों पर निर्णय लिए गए।
कुलगुरु प्रो. अखिल रंजन गर्ग ने कहा कि काउंसिल से प्राप्त सुझावों और लिए गए निर्णयों को प्रभावी रूप से लागू किया जाएगा। बदलते तकनीकी और औद्योगिक परिदृश्य को देखते हुए ऐसे शैक्षणिक कार्यक्रम विकसित करने की आवश्यकता है, जो विद्यार्थियों को नवीनतम तकनीकी ज्ञान के साथ व्यावहारिक एवं रोजगारपरक कौशल प्रदान करें। आधुनिक विषयों और उभरती तकनीकों को अकादमिक गतिविधियों से जोड़ना समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि सभी निर्णयों का केंद्रबिंदु विद्यार्थी, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और विश्वविद्यालय को राष्ट्रीय स्तर का उत्कृष्ट तकनीकी शिक्षण संस्थान बनाना है।
बैठक में 15वीं अकादमिक काउंसिल की कार्यवाही की पुष्टि, एक्शन टेकन रिपोर्ट, बोर्ड ऑफ इंस्पेक्शन की छठी बैठक के मिनट्स, अकादमिक कैलेंडर 2026-27, एफिलिएशन एक्सटेंशन, प्रोविजनल अनापत्ति प्रमाण पत्र, बीटेक ब्रांच चेंज और रिसर्च बोर्ड की 12वीं बैठक की सिफारिशों सहित विभिन्न विषयों पर विचार किया गया।
काउंसिल को बताया गया कि शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए 28 संबद्ध कॉलेजों को एफिलिएशन एक्सटेंशन दिया गया है, जबकि डेफिसिएंसी लेटर जारी किए गए 17 कॉलेजों से अनुपालन रिपोर्ट प्राप्त हो चुकी है।
बैठक में डीन एकेडमिक्स डॉ. सुधीर भारद्वाज, डीन डॉ. रोहित मिश्रा, डीन मैनेजमेंट डॉ. आर.के. मोटवानी, परीक्षा नियंत्रक डॉ. मुकेश एम. जोशी, डीन रिसर्च प्रो. प्रकृति त्रिवेदी, डॉ. पी.के. बंसल, डॉ. संदीप कुमार आर्य, राज्य सरकार के नामित सदस्य डॉ. सुरेंद्र तंवर, डीन डॉ. सतीश मेहला सहित विश्वविद्यालय के विभिन्न संकायों के सदस्य और वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजीव

