बीएसएफ के शिविर में 250 जवानों और परिजनों की कैंसर व दंत रोग संबंधी जांच
बीकानेर, 15 अक्टूबर (हि.स.)। सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के बीकानेर सेक्टर मुख्यालय में जवानों और उनके परिजनों के लिए कैंसर जागरूकता एवं निःशुल्क दंत चिकित्सा शिविर आयोजित किया गया। शिविर में बीएसएफ मुख्यालय बीकानेर और 179वीं वाहिनी के अधिकारियों, अधीनस्थ अधिकारियों और जवानों सहित करीब 250 जवानों और उनके परिजनों ने लाभ उठाया।
बीएसएफ के उपमहानिरीक्षक अजय लूथरा के निर्देशन में आयोजित शिविर में बीएसएफ के मुख्य चिकित्सा अधिकारी एवं कमांडेंट राजेंद्र कुमार गोदारा और उनकी टीम के साथ जीवन रक्षा हॉस्पिटल, बीकानेर के कैंसर रोग विशेषज्ञ डॉ. राहुल रॉय और दंत रोग विशेषज्ञ डॉ. सोनम रॉय ने सेवाएं दीं।
शिविर में डॉ. राहुल रॉय ने कैंसर के लक्षणों, बचाव और समय पर जांच के महत्व के बारे में जानकारी देकर लोगों को जागरूक किया। वहीं, डॉ. सोनम रॉय ने जवानों और उनके परिजनों की निशुल्क दंत जांच की तथा दांतों की बीमारियों से बचाव के उपाय बताए।
शिविर के आयोजन में बीएसएफ के क्षेत्रीय मुख्यालय बीकानेर के प्रशासनिक कमांडेंट नवीन मोहन शर्मा का भी योगदान रहा।
हिन्दुस्थान समाचार / राजीव

