जयपुर में ब्रिक्स वित्त मंत्रियों की बैठक की तैयारियां तेज

WhatsApp Channel Join Now
जयपुर में ब्रिक्स वित्त मंत्रियों की बैठक की तैयारियां तेज


जयपुर, 23 फ़रवरी (हि.स.)। राजधानी जयपुर में आयोजित होने वाली ब्रिक्स देशों के वित्त मंत्रियों एवं केंद्रीय बैंक गवर्नरों (एफएमसीबीजी) की प्रथम बैठक की तैयारियों को लेकर सोमवार को सचिवालय में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने की।

बैठक में वित्त मंत्रालय भारत सरकार के आर्थिक मामलात विभाग तथा भारतीय रिजर्व बैंक के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। मुख्य सचिव ने कहा कि जयपुर में इस महत्वपूर्ण अंतरराष्ट्रीय आयोजन का होना राज्य के लिए गर्व का विषय है और यह अवसर राजस्थान की संस्कृति, पर्यटन, विकास एवं प्रशासनिक क्षमता को वैश्विक मंच पर प्रदर्शित करेगा। चार से सात मार्च तक प्रस्तावित कार्यक्रमों के तहत मंत्रिस्तरीय बैठक, प्रतिनिधियों के आगमन, आवास, परिवहन, सुरक्षा, स्वास्थ्य सुविधाएं, सांस्कृतिक कार्यक्रम और भ्रमण व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की गई। मुख्य सचिव ने सभी विभागों को समन्वय के साथ समयबद्ध तरीके से तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश दिए।

उन्होंने प्रतिनिधिमंडलों की आवाजाही के लिए सुचारु परिवहन व्यवस्था, पायलट वाहन और आवश्यकतानुसार रूट क्लीयरेंस सुनिश्चित करने को कहा। आयोजन स्थल, होटल, भ्रमण स्थलों और मार्गों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था रखने के निर्देश भी दिए गए। शहर के प्रमुख मार्गों और स्थलों की साफ-सफाई, सौंदर्यीकरण तथा रखरखाव पर विशेष ध्यान देने को कहा गया।

स्वास्थ्य व्यवस्थाओं के तहत 24 घंटे चिकित्सा दल, एंबुलेंस, आवश्यक दवाइयों की उपलब्धता और नजदीकी अस्पतालों से समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए गए।

आमेर किले में प्रस्तावित सांस्कृतिक कार्यक्रम और भ्रमण की तैयारियों की समीक्षा करते हुए मुख्य सचिव ने कहा कि इस आयोजन के माध्यम से राजस्थान की समृद्ध लोकसंस्कृति, संगीत, नृत्य और आतिथ्य परंपरा की झलक विश्व समुदाय को दिखनी चाहिए।

प्रतिनिधियों के लिए प्रशिक्षित गाइड, पार्किंग व्यवस्था और अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। साथ ही राज्य की कला एवं हस्तशिल्प से जुड़े स्मृति-चिह्न तथा पर्यटन पुस्तिका तैयार करने पर भी चर्चा हुई। प्रतिनिधिमंडलों के समन्वय के लिए लायज़न अधिकारियों की नियुक्ति और प्रशिक्षण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।

बैठक में आर्थिक मामलात विभाग की अतिरिक्त सचिव अनु पी. मथाई, संयुक्त सचिव अमित सिंगला, निदेशक प्रकाश राजपुरोहित सहित राज्य सरकार के विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

ब्रिक्स वित्त मंत्रियों की यह बैठक जयपुर के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान मजबूत करने का महत्वपूर्ण अवसर मानी जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

Share this story