कमजोर पश्चिम से बदला मौसम, अधिकांश शहरों में दिनभर छाए रहे बादल

WhatsApp Channel Join Now
कमजोर पश्चिम से बदला मौसम, अधिकांश शहरों में दिनभर छाए रहे बादल


जयपुर, 13 जुलाई (हि.स.)। कमजोर पश्चिम विक्षोभ के प्रभाव से प्रदेश के कई शहरों का मौसम बदला नजर आया। बादल छाने के साथ मध्यम गति की हवाएं चली। इससे आमजन को तेज गर्मी और उसम से राहत मिली। इसके चलते प्रदेश के शहरों के पारे में उतार-चढ़ाव देखने को मिला। श्रीगंगानगर को छोड़कर बाकी शहरों का दिन का पारा 40 डिग्री से नीचे रहा। 41.5 डिग्री के साथ श्रीगंगानगर का दिन और 30.1 डिग्री के साथ बीकानेर की रात सबसे गर्म रही।

मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि एक कमजोर सिस्टम के प्रभाव से 14-15 जुलाई को बीकानेर, गंगानगर, हनुमानगढ़, चूरू व आसपास के जिलों में कहीं-कहीं हल्की बारिश होने की संभावना है। इसके अलावा शेखावाटी क्षेत्र, जयपुर व भरतपुर संभाग के कुछ भागों में 14-15 जुलाई को हल्की बारिश होने की संभावना है। पश्चिमी राजस्थान के जोधपुर, बीकानेर संभाग के अधिकांश भागों में आगामी एक सप्ताह मौसम शुष्क रहने की संभावना है। वहीं पूर्वी राजस्थान के भी अधिकांश भागों में आगामी 5-6 दिन मौसम मुख्यत: शुष्क रह सकता है। पश्चिमी राजस्थान के जोधपुर, बीकानेर संभाग के अधिकांश भागों में आगामी 2-3 दिन तेज धूलभरी हवाएं चल सकती है। जयपुर का अधिकतम तापमान 35.2 और न्यूनतम तापमान 28.2 डिग्री दर्ज किया गया। जयपुर में सोमवार को दिनभर बादल छाए रहे और हवाएं चली। हालांकि बादलों के बीच से धूप भी खिली।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश

Share this story