भारतीय वनस्पति सर्वेक्षण कर्मचारी संघ की 22वीं लोकल कॉन्फ्रेंस संपन्न

WhatsApp Channel Join Now
भारतीय वनस्पति सर्वेक्षण कर्मचारी संघ की 22वीं लोकल कॉन्फ्रेंस संपन्न


जोधपुर, 16 सितम्बर (हि.स.)। भारतीय वनस्पति सर्वेक्षण कर्मचारी संघ की 22वीं लोकल कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया गया। इसमें 28-29 सितंबर को देहरादून में होने वाली राष्ट्रीय कांफ्रेंस की तैयारियों और रणनीति पर चर्चा की गई। सम्मेलन में पुरानी पेंशन बहाली, आठवें वेतन आयोग में पांच पदोन्नतियों का प्रावधान, पदोन्नति के अवसर नहीं होने वाले पदों पर एमएसीपी के तहत पदोन्नति वाली वेतन श्रेणी देने तथा संवर्ग पुनर्गठन सहित विभिन्न मुद्दों पर विचार-विमर्श हुआ।

कार्यक्रम में कार्यालय प्रभारी डॉ. विनीत कुमार रावत मुख्य अतिथि, वैज्ञानिक-ई डॉ. पुष्पा कुमारी एवं वैज्ञानिक-सी डॉ. अरविंद परिहार विशिष्ट अतिथि रहे। राष्ट्रीय उपाध्यक्ष जगदीश यादव ने पुरानी पेंशन बहाली को प्रमुख मुद्दा बताते हुए कहा कि वर्तमान समय में अधिकांश कर्मचारी नई पेंशन व्यवस्था के विरुद्ध हैं। मुख्य अतिथि डॉ. विनीत कुमार रावत ने आपसी सहयोग एवं समन्वय के साथ कार्यालय के विकास में योगदान देने की बात कही। डॉ. पुष्पा कुमारी ने कहा कि कार्यालय एक परिवार की तरह है।

आपसी मतभेद हो सकते हैं, लेकिन मनभेद नहीं होना चाहिए। उन्होंने कार्यालय और देश के विकास के लिए निरंतर कार्य करने का आह्वान किया। सम्मेलन के अंतिम चरण में संगठन के द्विवार्षिक चुनाव संपन्न हुए। इसमें भोमाराम सोलंकी को उपाध्यक्ष, जगदीश यादव को क्षेत्रीय सचिव, मुकेश गोयल को उपसचिव तथा रणजीत मेघवाल को कोषाध्यक्ष चुना गया। वहीं नीतू शर्मा, अमित कुमार और हंसराज मीणा को कार्यकारिणी सदस्य निर्वाचित किया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

Share this story